अदाकारा कटरीना कैफ का करियर संभालने के लिए बॉलीवुड के सुल्तान ने अपनी सुपरहिट फ्रैंचाइजी टाइगर की सीक्वल बनाने के लिए यशराज फिल्म्स के कर्ता-धर्ता आदित्य चोपड़ा से मशविरा किया है। पिछले 5 साल में सिर्फ एक हिट फिल्म दे सकीं कटरीना कैफ को नई फिल्मों के ऑफर मिलने बंद हो चुके हैं और रेमो डिसूजा की फिल्म एबीसीडी 3 से भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

साल 2013 में धूम 3 की कामयाबी के बाद पिछले पांच साल में कटरीना कैफ की सिर्फ एक फिल्म हिट हुई है-टाइगर जिंदा है, जिसमें वह सलमान खान के साथ थीं। इसके बाद उनकी फिल्में बैंग बैंग, फैंटम, फितूर, बार बार देखो, जग्गा जासूस, ठग्स ऑफ हिंदोस्तान और जीरो सभी लाइन से फ्लॉप रहीं। दो साल पहले रिलीज हुई टाइगर जिंदा है के निर्देशक अली अब्बास जफर के साथ ही वह इन दिनों फिल्म भारत कर रही हैं लेकिन इसके बाद उनके पास कोई दूसरी फिल्म नहीं है।

यशराज फिल्म्स के सूत्रों की मानें तो धूम सीरीज की चौथी फिल्म में विलेन के किरदार के लिए सलमान खान के नाम की चर्चा चाहे कितनी ही हुई हो लेकिन इस फिल्म पर अभी तक काम शुरू ही नहीं हुआ है। सलमान की दबंग सीरीज की तीसरी फिल्म पर काम शुरू हो चुका है लेकिन उसमें कटरीना के लिए किसी किरदार की गुंजाइश नहीं है। इस सबको देखते हुए सूत्रों के मुताबिक सलमान खान ने आदित्य चोपड़ा से एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है के बाद टाइगर की कहानी को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की है। सब कुछ ठीक रहा तो कटरीना कैफ का करियर बचाने के लिए आदित्य चोपड़ा और सलमान खान जल्द ही इस सीक्वल का ऐलान कर सकते हैं।