आईआरसीटीसी से हवाई टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को मुफ्त यात्रा बीमा की सुविधा

रेलवे की खानपान व पर्यटन शाखा आईआरसीटीसी ने अपने जरिए हवाई टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को मुफ्त यात्रा बीमा की सुविधा देने की घोषणा की है। भारतीय रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक एमपी मल्ल ने बताया कि यात्रियों को 50 लाख रुपये तक का यह यात्रा बीमा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराया जाएगा। इसका प्रीमियम आईआरसीटीसी अपने कमीशन में से ही वहन करेगा। बता दें कि आईआरसीटीसी रेल टिकट के साथ ही हवाई टिकट भी बुक करती है। फिलहाल आईआरसीटीसी वेबसाइट से करीब 6 हजार हवाई टिकट हर दिन  बुक कराए जा रहे हैं। लेकिन मुफ्त बीमा सुविधा दिए जाने पर इसमें बढ़ोतरी की संभावना है। मल्ल ने बताया कि मुफ्त बीमा की यह सुविधा सभी श्रेणियों के यात्रियों को घरेलू व इंटरनेशनल, दोनों तरह की फ्लाइट के टिकट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके लिए आईआरसीटीसी ने बीमा क्षेत्र की कंपनी भारती एक्सा जनरल इंश्योरेंस को अपना साझीदार बनाया है। बता दें कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट से रेल टिकट बुक कराने पर भी यात्री को बीमा की सुविधा मिलती है, लेकिन इसके लिए उसे 10 लाख रुपये तक के बीमा पर 49 पैसे अतिरिक्त खर्च करने पड़ते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.