मुजफ्फरपुर। एमआईटी में संचालित होनेवाले बी फार्मेसी कोर्स को इस शैक्षणिक सत्र में मान्यता दिलाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के निर्देश पर अब प्राचार्य कोर्स से जुड़े सभी दस्तावेज समेत पूरी जानकारी के साथ पीसीआई यानी फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया जाएंगे। कोर्स को मान्यता मिलने पर 100 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। पीसीआई की ओर से कॉलेजों का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। बगैर निरीक्षण के कोर्स को मान्यता नहीं मिल पाएगी। पीसीआई की ओर से पिछले दिनों सभी कॉलेजों को इसे लेकर निर्देश जारी किया गया था।
पीसीआई की टीम बगैर सूचना के ही कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचेगी। अब प्रक्रिया में बदलाव हुआ है। प्राचार्य डॉ. सीबी महतो ने कहा कि मान्यता को लेकर विभाग ने पीसीआई जाने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि शिक्षकों की कमी को लेकर पीसीआई ने सत्र 2021-22 में नामांकन पर रोक लगाते हुए मान्यता समाप्त कर दी थी।
नए सत्र में नामांकन के लिए अगर बी फार्मेसी कोर्स को मान्यता मिलती है तो 100 सीटों पर नामांकन होगा। इसी के अनुसार कोर्स में शिक्षकों और गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति के लिए कैबिनेट की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है।
4 प्राध्यापक, 3 सह प्राध्यापक, 5 सहायक प्राध्यापक, 5 लैब टेक्नीशियन, 3 तकनीकी सहायक के पद के लिए कॉलेज की ओर से विभाग को नियमावली भेजी गई है। दूसरी ओर फार्मेसी विभाग में मल्टी पर्पस डिवाइस की खरीदारी भी होगी। इसके लिए पिछले दिनों एक्सपर्ट ने कॉलेज पहुंचकर यंत्रों की जानकारी दी थी।

