औरंगाबाद में घर से झगड़ा कर निकली एक मां-बेटी जहर खाकर जान दे दी। उक्त दोनों महिलाओं का शव शनिवार की सुबह एक अर्धनिर्मित मकान से रफीगंज पुलिस बरामद किया। घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के अब्दुलपुर गांव की है। मृतकों में गया जिले के धनिया बगीचा गांव निवासी सत्येन्द्र कुमार की 50 वर्षीय पत्नी ममता देवी व उसकी बेटी गया जिले के खरखुरहा गांव निवासी सचिन कुमार की पत्नी 34 वर्षीय पूजा देवी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू की।

टहलते हुए अर्धनिर्मित मकान पहुंचे लोग तो हुआ मामले का खुलासा
जिस अर्धनिर्मित मकान से दोनों महिलाओं का शव मिला है। वह अब्दुलपुर गांव से थोड़ा हटकर है। यूं कहें तो सबसे किनारे है। कुछ लोग सुबह में टहलते हुए उक्त मकान के पास पहुंचे तो देखा कि दो शव पड़ा है। तत्काल इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों को दी। मकान में शव होने की सूचना इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। दर्जनों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर तहकीकात शुरू की।

मुंह से निकल रहा था झाग, सल्फास की गंध भी आ रही थी
मृतक के परिजनों के अनुसार मृतका ममता की बेटी पूजा का झगड़ा उसके पति व ससुरालवालों से एक दो दिन पहले हुई थी। ममता भी अपनी बेटी का साथ दे रही थी। जिसके कारण उसके परिवार वाले उसे मना कर रहे थे। जिससे दोनों गुस्सा में आकर घर से निकली और बाजार से सल्फास की गोली खरीदकर अब्दुलपुर अर्धनिर्मित मकान में पहुंची और खा ली। हालांकि उक्त मकान में घुंसते किसी ने दोनों को नहीं देखा था। इस संबंध में रफीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तहकीकात की जा रही है। प्रथम दृष्टया सल्फास खाने से मौत होने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चल पाएगा।




