पूर्णिया में डॉग की मौत हैरान कर देने वाली है। गेट पर चूहे जैसा एक जानवर आता है। उसके चले जाने के कुछ सेकेंड बाद घर के अंदर से डॉग आया और वहीं पर सूंघने-चाटने लगा। फिर तड़पने लगता है। 20 सेकेंड में तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो जाती है।सुबह जब मालिक डॉग को लॉन में मरा देखता है, तो सीसीटीवी फुटेज देखता है। इसमें डॉग की मौत और उसके पहले का पूरा घटनाक्रम दिखाई दिया। मामला पूर्णिया के केनगर स्थित परोरा वास्तु विहार का है।

जीव की नहीं हुई पहचान, सभी है डरे हुए
सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग में जिस जीव को देखा गया, उसकी पहचान नहीं हुई। देखने में यह काले रंग का चूहा की तरह था। इसको सूंघने के बाद कुत्ता महज चंद सेकेंड में तड़पकर मर गया। डॉग के मालिक चित्रकार राजीव राज ने कहा कि सुबह जब उठा तो देखा कि घर के लॉन में मेरा पालतू कुत्ता मरा पड़ा है। इसके बाद सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखी तो उसमें एक विचित्र जीव नजर आया। वीडियो में देखा कि यह जीव कैंपस में लगे गेट से अंदर घुसने की कोशिश करता है, लेकिन वह कुत्ते को देखकर बाहर के ग्रिल के पास से ही वापस हो जाता है।

जहां पर वह जीव था वहां पर कुत्ते ने सूंघा, कुछ सेकेंड में मौत
राजीव ने बताया कि मेरा कुत्ता उस काले जीव की तलाश करता रहा। जहां उसने उस काले जीव को देखा उसी जगह को सूंघा। उस जगह को सूंघने के महज चंद सेकेंड में ही तड़प-तड़प कर उनके कुत्ते की मौत हो गई। राजीव ने विशेषज्ञों से इस मामले की जांच की मांग की है। ताकि फिर कोई इस अनोखे जहरीले जीव का शिकार न हो।

जीभ काला पड़ गया था
वहीं राजीव राज ने बताया मैंने पोस्टमार्टम नहीं कराया। पर मरने के बाद जब मैंने कुत्ते को देखा तो उसका जीभ काला हो गया था। इसके साथ ही मरने के अगले दिन उसका पेट भी काला हो गया था। लगता है काफी जहरीला जीव था। इसकी जांच होनी चाहिए।



