होमगार्ड बहाली: 11 साल बाद आया कॉल तो पिता को वर्दी दिलाने के लिए दौड़ने जा पहुंचा बेटा

जहानाबाद : बिहार के कई जिलों में इन दिनों 11 साल बाद होमगार्ड भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट हो रहा है. ऐसे में जहां कई अभ्यर्थियों की उम्र निकल गई है तो वहीं कई उम्र के ढलान पर हैं. ऊपर से भीषण गर्मी. बात जहानाबाद जिले की करें तो यहां हर दिन लगभग 12 सौ अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन उपस्थित हो रहे हैं 4 से 5 सौ अभ्यर्थी. होमगार्ड बहाली के चौथे दिन तो एक अजीब मामला सामने आया.

जिला शिमला एसडीएम कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस फर्जीवाड़ा आया सामने,  एसडीम दफ्तर में मचा हड़कंप

फिजिकल टेस्ट के लिए एक शख्स अपने पिता की जगह दौड़ने पहुंच गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. एरोड्रम स्टेडियम में हो रही होमगार्ड की शारीरिक जांच परीक्षा के दौरान सोमवार को यह जालसाज पकड़ा गया. वह अपने अभ्यर्थी पिता को होमगार्ड बनाने के लिए अवैध ढंग से ग्राउंड में घुस गया था.

नगर थाना पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक सोनू पासवान घोसी थाना इलाके के छतोई गांव का रहने वाला है. उसके पिता रामाधार पासवान ने होमगार्ड भर्ती के लिए अप्लाई किया था. वह  पिता के बदले अवैध ढंग से दौड़ प्रतियोगिता में शामिल होने की कोशिश कर रहा था. बिहार गृह रक्षा वाहिनी की जिला समादेष्टा प्रभा कुमारी ने भी इसकी पुष्टि की है.

सोमवार को जिले के घोसी प्रखंड क्षेत्र के कुल 1262 होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक जांच की परीक्षा आयोजित हुई. इसमें 467 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. होमगार्ड की बहाली के लिए छतोई गांव के निवासी रामाधार पासवान भी एक अभ्यर्थी थे. रामाधार ने चेकिंग के दौरान चेस्ट नंबर पहले हासिल कर लिया उसके बाद जालसाजी के तहत किसी तरह अपने बेटे सोनू को वो नंबर दे दिया, लेकिन व्यवस्था की वजह से सोनू और उसके पिता के मंसूबे सफल नहीं हो पाए.

बाप के बदले बेटा फर्जी अभ्यर्थी बनकर दौड़ लगाने के लिए ग्राउंड में प्रवेश भी कर गया लेकिन ग्राउंड में बायोमेट्रिक जांच के दौरान फर्जी अभ्यर्थी को वहां मौजूद कर्मियों ने पकड़ लिया. सोमवार को घोसी प्रखंड क्षेत्र के अभ्यर्थियों की हुई शारीरिक जांच में 57 अभ्यर्थी सफल हुए. सोनू अकेला नहीं है जिसकी कल गिरफ्तारी हुई है. रेप केस में फरार एक आरोपी भी दौड़ के लिए पहुंचा था जिसे महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया अभी 22 जुलाई तक चलेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading