बच्चों को स्कूल भेजकर महिला ने खुद को किया बाथरूम में लॉक, दरवाजा टूटा तो मिली ला’श

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने बच्चों को स्कूल भेजकर खुदकुशी कर ली. इसके लिए उसने खुद को आग के हवाले कर लिया. महिला ने घर के बाथरूम में जाकर आग लगा ली और आत्महत्या कर ली. खुदकुशी की ये घटना जिले के कटेया थाना क्षेत्र के रूद्रपुर गांव की है.

गोपालगंज में हुई खुदकुशी की घटना के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

मृतक महिला गुड्डू गुप्ता की पत्नी पूनम देवी थी. घटना की वजहों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और जांच में जुट गयी. बताया जाता है कि कटेया थाना क्षेत्र के सहजनवा खुर्द गांव निवासी विशिष्ट साह की पुत्री पूनम देवी की शादी रुद्रपुर गांव निवासी ज्ञानी गुप्ता के पुत्र गुड्डू गुप्ता के साथ वर्ष 2005 में हुई थी. पूनम देवी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा था.

महिला के परिजन रविवार को ही गोरखपुर से इलाज करा कर लाए थे. उसकी मानसिक हालत कुछ ठीक-ठाक नहीं थी. महिला के छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं. बड़ी बेटी शालू कुमारी 13 वर्ष, पुत्र रामू कुमार 12 वर्ष और श्यामू कुमार 10 वर्ष के हैं. महिला ने सुबह में तीनों बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करा कर भेज दिया उसके बाद घटना के अंजाम दी. महिला के पति गुड्डू गुप्ता इन दिनों विदेश में रोजी रोटी के लिए मजदूरी कर रहा है. महिला की मौत के बाद बच्चे मां के लिए रो रहे थे.

इस मामले में पुलिस का कहना है कि एक-एक बिंदु पर जांच की जा रही है. मामले में यूडी केस दर्ज कर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. इस घटना के बाद से परिवार के लोगों समेत बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading