रोहतास जिले में हेरोइन की बड़ी खेफ बरामद की गई है। इस संबंध में सोमवार रात जानकारी देते हुए रोहतास एसपी आशीष भारती ने बताया कि Narcotics Control Bureau (NCB) के द्वारा यह गिरफ्तारी जिले के बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक के पास एक बस से की गई। गिरफ्तार दोनों तस्कर झारखण्ड के बताए जाते हैं। इस गिरफ्तारी में रोहतास पुलिस द्वारा भी पूरा सहयोग किया गया।

तस्करों के पास से 390 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है जिसकी बाजार में कीमत 25 से 30 लाख रुपए बताई जाती है। गिरफ्तार दोनों तस्कर झारखण्ड के चतरा के रहने वाले हैं, जो बस से हेरोइन लेकर बक्सर जा रहे थे। जिसमें चतरा जिला के कुंडा के उदय कुमार मिश्रा का बेटा संजीत कुमार मिश्रा एवं चतरा के ही वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के मानामत गांव के रघु महतो का बेटा संजय कुमार शामिल हैं। दोनों गिरफ्तार तस्करों को न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद कोर्ट द्वारा उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया।

मोबाइल खोलेगा राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनसीबी हेरोइन तस्करों को लगातार ट्रैक कर रही थी, जैसे ही बस बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक पहुंची, बस में छापेमारी कर जांच शुरू की गई और दोनों तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बताते हैं कि दोनों के तार अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े है और दोनों हेरोइन सप्लाई का काम करते हैं। उनके मोबाइल भी जब्त किए गए हैं, जिससे पता चलेगा कि ये बक्सर में किसको हेरोइन की आपूर्ति करने वाले थे।

शाहाबाइ हेरोइन खपत का पुराना इलाका
ज्ञात हो कि शाहाबाद क्षेत्र हेरोइन आपूर्ति का पुराना क्षेत्र रहा है। 1990 के दशक में रोहतास का सासाराम, कैमूर का मोहनियां एवं बक्सर इत्यादि क्षेत्रों में हेरोइन की अच्छी-खासी खपत थी। जानकार आशंका जता रहे हैं कि ये बड़ी बरामदगी एक बार फिर शाहाबाद में हेरोइन तस्करों के सक्रिय होने का सबूत तो नहीं हैं।



