नवादा जेल गेट पर पिछले दिनों एक सिपाही के शव बरामदगी का खुलासा 22 दिनों में पुलिस ने कर दिया। मौत से पर्दा उठते ही पुलिस तीन अभियुक्तों की संलिप्ता पायी , जिसमें दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बात की जानकारी देते हुए एसपी डॉ गौरव मंगला ने बताया कि 29 जून को कम्पनी समादेशक , एफ कम्पनी , बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस- 1 , शिविर पुलिस केन्द्र , नवादा के माध्यम से सिपाही- 609 संदीप तामंग के लापता होने की सूचना इस कार्यालय की प्राप्त हुई थी उक्त सूचना के आधार पर सिपाही- 609 संदीप तामंग की खोजबीन के लिए सभी आवश्यक प्रयास किया गया।

उसी क्रम में 29 जून को संदीप तामंग का शव नवादा मंडल कारा के समीप एक पईन से बरामद किया गया। जिसके पश्चात वादी आकाश तामंग द्वारा समर्पित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 690/22 , दिनांक 30 जून को दर्ज किया गया। इस प्राथमिकी में धारा 302/201/120 बी / 34 भादवि अंकित करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में विभिन्न बिंदुओं पर जांच के दौरान इस घटना में तीन व्यक्तियों की संलिप्तता पायी गई।जिसके बाद विशेष टीम का गठन करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाने लगा । इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई । जिसमें नगर थाना क्षेत्र के नारदीगंज रोड गढ़पर मुहल्ला निवासी स्व शंकर लाल का पुत्र निरंजन कुमार तथा इसी मुहल्ले का निवासी धिरेन्द्र सिंह का पुत्र दीपक कुमार उर्फ छोटु को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक पूछताछ के लिए थाना लाया गया ।




