बेगूसराय में शराबबंदी के बीच एक बड़ी शराब पार्टी कर रहे सात लोगों को पुलिस ने एक साथ गिरफ्तार किया है। इन सभी को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में अड्डे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी लोगों के जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। दरअसल उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख तरैया गांव निवासी रामप्रकाश सदा के यहां काफी समय से अवैध रूप से महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है।

इतना ही नहीं वहां बैठा कर शराबियों को पिलाई भी जाती है। इस सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने रामप्रकाश सदा के घर के समीप छापेमारी की। उसके घर के पीछे शराब पार्टी मना रहे 7 लोगों को उत्पाद पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं। गिरफ्तार लोगों में गोविंद सदा, रामप्रकाश सदा, दिलीप महतो, मोहम्मद शाहजहां, मोहम्मद मुनव्वर, गाढ़ो रजक और राजेश चौधरी शामिल है ।

एक्साइज पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी लोगों की जांच की तो सभी शराब के नशे में पाए गए है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को सदर अस्पताल में कोरोना जांच कराकर न्यायालय में भेजने की तैयारी में जुटी है। वहीं बिहार में शराबबंदी के बीच लगातार पुलिस शराबबंदी कानून को पालन कराने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बावजूद इसके शराब तस्कर जहां शराब की बड़ी-बड़ी खेप लाने में सफल हो रहे हैं वहीं शराब पीने वालों में भी कोई कमी नहीं हो रही है।




