पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। नीतीश ने यह भी साफ तौर पर कहा कि विपक्ष अब एकजुट होकर आगे बढ़ेगा। उप राष्ट्रपति के एडजस्टमेंट की बात पर नीतीश ने कहा कि एक आदमी (सुशील मोदी) ने कहा कि मैं उप राष्ट्रपति बनना चाहता था। क्या मजाक है! यह फर्जी है। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं थी। क्या वे भूल गए कि हमने उन्हें राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के चुनावों में कितना समर्थन दिया।
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर से BJP पर हमला करते हुए कहा- ‘यह सबको पता है और कौन लोग क्या बोल रहे थे, किसके इशारे पर बोल रहे थे। यह भी सबको पता है।’ जब यह पूछा गया कि क्या अमित शाह के इशारे पर उनके छोटे नेता हमला बोल रहे थे तो मुख्यमंत्री ने कहा, ‘क्या कुछ हो रहा था यह पब्लिक डोमेन में है।’
मुख्यमंत्री से जब पूछा गया कि मंत्रिमंडल का विस्तार कब किया जाएगा तो उन्होंने साफ कहा कि बहुत जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने तारीख नहीं बताई है। कयास लगाया जा रहा है कि 15 अगस्त के बाद कभी भी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गृह विभाग को लेकर भी सवाल किया गया, लेकिन नीतीश ने इसका कोई सीधा जवाब नहीं दिया। नीतीश यह कहकर आगे बढ़ गए कि इसकी चिंता आप क्यों कर रहे हैं।
नीतीश गुरुवार को पटना में 7 शहीदों की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे। उनके साथ यहां तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। यहीं उन्होंने मीडिया से बातचीत की
