पटना : पटना में लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना पटना सिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के शाहगंज मोहम्मदपुर मोहल्ले की है. गोली लगने से मृतक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक के परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया.

मृतक की पहचान शाहगंज के मोहम्मदपुर निवासी मोहम्मद मुन्ना के रूप में की गई है जो बाजार समिति फल मंडी का कर्मचारी बताया जाता है. बताया जाता है कि मोहम्मद मुन्ना हर दिन की भांति अहले सुबह अपने घर से निकल कर बाजार समिति की ओर जा रहा था, इसी दौरान घर से महज चंद कदम की दूरी पर लुटेरों ने उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी और विरोध करने पर अपराधियों ने उसे दो गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के भाई मोहम्मद टीपू सुल्तान ने लूटपाट के क्रम में अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने की बात बताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है.

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी राम कुमार सिंह ने अपराधियों द्वारा दो गोली मारे जाने की पुष्टि करते हुए घटनास्थल से एक खोखा बरामद किए जाने की भी बात कही. पुलिस ने जल्द ही अज्ञात अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिए जाने का भी भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है.घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है.



