Bihar News: UPSC-BPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों के लिए बड़ा ऐलान

पटना. देशवासी सोमवार को 15 अगस्‍त स्‍वतंत्रता दिवस के जश्‍न में डूबा हुआ है. हर तरफ तिरंगा झंडा फहर रहा है. देशभक्ति गीतों से माहौल गुंजायमान है. इन सबके बीच बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा झंडा फहराया. उन्‍होंने इस मौके पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है. झंडोत्‍तोलन के बाद प्रदेश वासियों को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि संघ लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों को ₹100000 की सहायत राशि प्रदान की जाएगी. इसी तरह से बिहार लोकसेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित राज्‍यस्‍तरीय सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा उत्‍तीर्ण करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों को ₹50000 दिए जाएंगे. मुख्‍यमंत्री की इस घोषणा से महिला अभ्‍यर्थियों को बड़ी आर्थिक मदद मिल सकेगी.

Bihar News: UPSC-BPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों के लिए बड़ा ऐलान

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में झंडोत्‍तोलन कर प्रदेश वासियों को स्‍वतंत्रता दिवस की शुभकामनएं दीं. इसके बाद स्‍वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उन्‍होंने कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. बारिश के बीच तिरंगा झंडा फहराने के बाद सीएम नीतीश ने कहा कि उनकी सरकार मंदिरों की चारदीवारी को ऊंची करवा रही है, ताकि मूर्तियों की चोरी को रोका जा सके.

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘बापी सभागार में 5 हजार लोगों के बैठने की व्‍यवस्‍था की गई. मुजफ्फरपुर में भी सभागार का निर्माण कार्य चल रहा है. पूर्व राष्‍ट्रपति दिवंगत एपीजे अब्‍दुल कलाम के नाम पर साइंस सिटी भी बनाई जा रही है. इसके साथ ही महिलाओं के सशक्‍तीकरण की दिशा में भी लगातार प्रयास किया जा रहा है.’ सीएम नीतीश ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2013 में पुलिस सेवा में 35 फीसद सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गईं, ताकि ज्‍यादा से ज्‍यादा महिलाओं को पुलिस सेवा में लाया जा सके.

बापू भी शराब के खिलाफ थे- सीएम नीतीश
मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर बिहार में लागू शराबबंदी कानून का बचाव भी किया. उन्‍होंने कहा कि वह बापू महात्‍मा गांधी के विचारों को आगे बढ़ाना चाहते हैं. उन्‍होंने कहा कि बापू भी शराब के खिलाफ थे. उन्‍होंने कहा कि उनकी सरकार लगातार 7 निश्‍चय पर काम कर रही है. हर घर नल के माध्‍यम से जल पहुंचा है. इसके अलावा सोलर स्‍ट्रीट लाइट पर भी काम चल रहा है. मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि जिन बच्‍चों के दिल में छेद है, उनका इलाज सरकार की तरफ से करवाया जाता है.

जातिगत जनगणना और आर्थिक सर्वेक्षण
बिहार में जातिगत जनगणना और परिवारों का आर्थिक सर्वेक्षण कराने के मुद्दे पर भी मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी बात रखी. उन्‍होंने कहा कि हमलोग पूरी तैयारी के साथ जातिगत जनगणना करवा रहे हैं. साथ ही परिवारों का आर्थिक सर्वेक्षण भी करवा रहे हैं, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति के बारे में पता चल सके. इस मौके पर उन्‍होंने उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब हमारे साथ नई पीढ़ी के लोग हैं. अब हम ज्‍यादा अच्‍छा काम करेंगे.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.