वैशाली: वैशाली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में भाग लेने हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हाजीपुर सांसद चिराग पासवान ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी देश में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन और सत्ता वापस पाने के लिए विदेशी ताकतों का सहारा ले रहे हैं, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

सत्ता हासिल करना ही एकमात्र उद्देश्य: चिराग
चिराग पासवान ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उसे वास्तव में आम जनता की बुनियादी समस्याओं, जैसे सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की चिंता होती, तो वह संसद और सड़कों पर जनता के इन मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरती। लेकिन उसका एकमात्र और अंतिम उद्देश्य किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है, जो एक स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

दिशा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
केंद्रीय मंत्री ने यह बयान वैशाली में आयोजित ‘दिशा’ की बैठक के दौरान दिया। लगभग दो घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले के विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में वैशाली की सांसद वीणा देवी, जिले के सभी विधायक और दो मंत्री भी उपस्थित रहे।

बताया गया कि बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

