शराबबंदी वाले बिहार में 1 करोड़ी की विदेशी शराब जब्त, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी भले हो, लेकिन यहां शराब की तस्करी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन पुलिस और उत्पाद विभाग लाखों करोड़ों रुपये की शराब की खेप बरामद करती रही है. इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बिहार में झारखंड, उत्तर प्रदेश पंजाब आदि राज्यों से शराब की खेप पहुंच रही है.

इंडस्ट्रियल एरिया से शराब का ट्रक जब्त

उत्पाद विभाग की टीम ने बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 से पंजाब नंबर के एक ट्रक को जब्त किया है. तलाश के क्रम में ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है. उत्पाद विभाग के मुताबिक, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने से हड़कंप मच गया है.

पंजाब का रहने वाला चालक गिरफ्तार

मौके से एक ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. उत्पाद विभाग की पूछताछ में हुए खुलासे के मुताबिक गिरफ्तार चालक पंजाब का रहने वाला है. फिलहाल उससे पूछताछ कर शराब की खेप मंगाने वाले स्थानीय तस्करों की पहचान करने में उत्पाद विभाग की टीम जुटी है. पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में बड़े नेटवर्क का खुलासा होगा.

गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पंजाब नंबर का एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में खड़ा है. सूचना के मुताबिक, ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड है. एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली.

हालांकि, खेप की डिलीवरी होने से पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया. फिलहाल उत्पाद विभाग बरामद शराब का मिलान कर रहा है. साथ ही चालक से पूछताछ के आधार पर शराब की खेप मंगाने वाले स्थानीय तस्करों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

बिहार में शराबबंदी

एक अप्रैल 2016 को बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी लागू की गयी थी. अधिकारिक रूप से 5 अप्रैल 2026 से राज्य में शराब पूर्ण रूप से प्रतिबंध हो गयी, लेकिन चोरी छिपे राज्य में शराब की तस्करी जारी है. सरकार और स्थानीय प्रशासन इस अवैध धंधे को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है. बिहार पुलिस की विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से अब तक राज्य में लगभग 5.23 करोड़ के आसपास शराब जब्त की गयी है, जिसे सरकारी आदेश के बाद नष्ट कर दिया गया. इस दौरान 12 लाख से अधिक मामले दर्ज किये गए. लाखों लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. हजारों को सजा हुई, लेकिन शराब की तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लग सका है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.