मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी कड़ी में जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा आज सीढ़ी घाट, लकड़ीढाई घाट सहित नगर निगम क्षेत्र और आसपास के अन्य छठ घाटों का निरीक्षण किया


छठ पूजा की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नगर निगम, शहरी निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रखंड पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।


प्रमुख घाटों पर सफाई, चेंजिंग रूम, लाइटिंग और रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं, गहरे पानी और संवेदनशील घाटों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है।



इधर, पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और छठ घाटों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।