आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी महंगाई-भ्रष्टाचार के विरोध में मार्च शुरू हो गया है। पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय से नारेबाजी करते हुए निकले हैं। मार्च कांग्रेस मुख्यालय से 30 जनवरी मार्ग पर पहुंचा, जहां महात्मा गांधी शहीद हुए थे। वहां राहुल गांधी समेत सभी कांग्रेस नेताओं ने बापू को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि के बाद मार्च समाप्त किया गया। कांग्रेस पार्टी ने यह मार्च निकालने के लिए पुलिस की परमिशन मांगी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी थी। कांग्रेसियों ने बिना परमिशन के ही मार्च निकाला।


कांग्रेसियों को दिलाया गया संकल्प
महात्मा गांधी को उनके शहादत स्थल पर श्रद्धांजलि देने के बाद वहां एकत्र सभी कांग्रेसियों को देश की अखंडता और विकास के लिए काम करने का संकल्प दिलाया। साथ ही कांग्रेस की नीतियों पर चलने और देश को नफरत, जाति-धर्म भाषा के भेदभाव से न बंटने देने की शपथ दिलाई गई।

कांग्रेस मुख्यालय पर अंबिका सोनी ने लहराया तिरंगा
कांग्रेस मुख्यालय पर हुआ स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अंबिका सोनी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में राहुल गांधी भी मौजूद थे और वह कार्यकर्ताओं के बीच खड़े रहे। ध्वजारोहण से पहले वंदेमातरम् और उसके बाद झंडा गीत और राष्ट्रगान गाया गया।

सोनिया ने देश के नाम जारी किया संदेश
इससे पहले सोनिया गांधी ने देशवासियों के नाम एक पत्र जारी किया। इसमें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए केंद्र सरकार को घेरा गया। सोनिया ने लिखा- गांधी-नेहरू-पटेल-आजाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। केंद्र सरकार देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली है।

मोदी ने लालकिले से कहा था- परिवारवाद को खत्म करना होगा स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर ध्वजारोहण करने के बाद मोदी ने कहा, ‘आज हम दो बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। भ्रष्टाचार और ‘परिवारवाद’ या भाई-भतीजावाद। हमें अपनी संस्थाओं की ताकत का एहसास करने के लिए, योग्यता के आधार पर देश को आगे ले जाने के लिए ‘परिवारवाद’ के खिलाफ जागरूकता बढ़ानी होगी। भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है, हमें इससे लड़ना है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश को लूटा, उन्हें लौटाना होगा। बैंक लूटनेवालों की संपत्ति जब्त हो रही है।


