स्वतंत्रता दिवस पर बिहार को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण का कानून बनाने से कुछ नहीं होगा। बढ़ती जनसंख्या को रोकने के लिए महिलाओं का शिक्षित होना जरूरी है।बता दें कि केंद्र सरकार जनसंख्या नियंत्रण कानून पर काम कर रही है। वहीं असम और यूपी राज्य दो बच्चों वाली पॉलिसी लाने की तैयारी में हैं। जबकि नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं हैं।

इससे पहले भी नीतीश कुमार जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध कर चुके हैं। बीजेपी से अलग होकर महागठबंधन की सरकार बनाने के बाद उन्होंने फिर कहा इस तरह का कानून बेकार की बात है।पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में CM नीतीश ने झंडोत्तोलन किया। महागठबंधन की नई सरकार बनने के बाद पहली बार उन्होंने तिरंगे को सलामी दी है। मौके पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और आगे की योजना पर बात की।

साथ ही महागठबंधन की बनी नई सरकार में डिप्टी सीएम तेजस्वी की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि तेजस्वी यादव जैसे सहयोगी मिले हैं बिहार में 10 लाख क्या 20 लाख रोजगार दिए जाएंगे।नीतीश के बयान के बाद तेजस्वी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि अभिभावक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से ऐतिहासिक ऐलान- 10 लाख नौकरियों के बाद 10 लाख अतिरिक्त नौकरियां दूसरी अन्य व्यवस्थाओं से भी दी जाएगी। जज्बा है बिहारी जुनून है बिहार उत्तम बिहार का सपना करना है साकार।

CM के संबोधन की मुख्य बातें –
- राज्य के खजाने पर किसानों का पहला हक है।
- आपदा की स्थिति से निपटने के लिए विद्यालयों में कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहे हैं।
- बच्चों को भूकंप से बचने के लिए मॉक ड्रिल और डूबने की घटना को देखते हुए तैरना सिखाया जा रहा है।
- पुलिस को दुरुस्त किया जा रहा है।
- कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई गई है। मंदिरों की चारदीवारी भी कराई जा रही है।
- लोक सेवा में 153 सेवाएं दी जा रही हैं। 73 फीसदी लोग लाभ ले रहे है। अब ऑनलाइन सेवा भी ले रहे हैं।
- प्रजनन दर को यदि रोकना है तो महिलाओं को पढ़ाना ही होगा। चीन में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाया था। पहले एक, फिर दो पर, फिर तीन पर लाया। उसकी हालत खराब हो गई थी। ये सब बेकार बातें हैं। बच्चियों को पढ़ाना ही एक विकल्प है।
- 20 लाख नौकरी और रोजगार देने का सरकार का लक्ष्य रखा है।
- नई पीढ़ी के साथ काम कर राज्य को आगे ले जाने का काम करेंगे।

पुणे से 20% ज्यादा फूल मंगाए गए, आर्किड-जरबेरा से बढ़ी गांधी मैदान की खूबसूरती
गांधी मैदान के जिस मंच पर नीतीश कुमार ने तिरंगा फहराया, उसको पुणे के खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। पुणे से मंगाए यह फूल पूरे गांधी मैदान का आकर्षण का केंद्र बना हुआ हैं। इस बार आजादी के अमृत महोत्साव के वजह से 20 प्रतिशत ज्यादा फूल आए हैं। सजाने के लिए आर्केड 50 बंडल, जरबेरा 200 बंडल, गेंदा 3000 बंडल, रजनीगंधा 500 और गुलाब 50 बंडल मंगाया गया हैं।

आज 9 विभागों द्वारा गांधी मैदान में झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा है –
- मद्य-निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग – मद्य निषेध हेतु नवीन तकनीक का उपयोग
- पर्यटन निदेशालय – गांधी सर्किट
- महिला एवं बाल विकास निगम – माहवारी स्वच्छता प्रबंधन
- कृषि निदेशालय – सात निश्चय-2 के अन्तर्गत हर खेत को पानी हेतु पक्का चेक डैम
- बिहार अग्निशमन सेवा – अग्नि सुरक्षा: अग्नि निवारण
- उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान – बिहार में वस्त्र एवं चर्म क्षेत्र से संबंधित उद्योग का विकास

- बिहार शिक्षा परियोजना परिषद्, शिक्षा भवन – शिक्षित बालिका सशक्त नारी, सशक्त होती पीढ़ी दर पीढ़ी
- जीविका – “जीविका”-उन्नति के 15 साल
- सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग तथा भवन निर्माण विभाग – “विरासत सहेजता नया बिहार। बढ़ता बिहार।” भवन निर्माण विभाग द्वारा निर्मित महाबोधि कन्वेंशन सेन्टर बोध गया, प्रकाश पुंज भवन, पटना एवं अंजुमन इस्लामिया भवन, पटना के भवनों की प्रतिकृति को ‘‘विकास एवं सहिष्णुता, बिहार की विविधता’’ के स्लोगन वाक्य के साथ प्रदर्शित

