आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के मौके पर केंद्र सरकार के द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। बिहार में भी इस अभियान का असर पहले से ही देखा जा रहा है। 13 अगस्त से ही कई जिलों में लगातार तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। बाजार से तिरंगा खरीदकर लोग घरों पर लगा रहे हैं।

औरंगाबाद में हर घर पर लहराता दिखा तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान का असर औरंगाबाद में ही खूब दिख रहा है। शहरी इलाकों के अलावा गांव में भी घरों के ऊपर लोगों ने तिरंगा लहराया है। इस अभियान में हर उम्र और हर तबके के लोगों का जलवा दिख रहा है। जिला मुख्यालय औरंगाबाद के इर्द-गिर्द जिधर भी देखें, उधर घरों के ऊपर शान से तिरंगा लहरा रहा है। पूरे औरंगाबाद में लगभग 30 से 35 लाख आबादी है, लगभग सभी घरों में तिरंगा लहराता दिखा।

बांका के घरों पर शान से लहराया तिरंगा
बांका में आज 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जा रहा है। ध्वजारोहण के बाद कई स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शहर से लेकर गांवों तक सभी घरों पर शान से तिरंगा लहरा रहा है।

मोतिहारी में शान से लहराया तिरंगा
मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मोतिहारी के डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने तिरंगा फहराया। पूरे जिले में लगभग सभी घरों पर तिरंगा लहरा रहा है।

बगहा में घरों पर लहराया तिरंगा, सड़क किनारे दिखा ज्यादा
बगहा में लोगों ने 13 अगस्त से ही तिरंगा झंडा लगाना शुरू कर दिया था। लेकिन ज्यादातर घरों में 15 अगस्त को तिरंगा दिखाई देने लगा। शहर से लेकर गांवों तक तिरंगा घरों की छतों पर लगा दिख रहा है।
छपरा में हर घर लहराया तिरंगा
हर घर तिरंगा आह्वान का असर का छपरा में व्यापक तौर पर देखने को मिला। जिला के सभी घरों पर तिरंगा लहराते हुए दिख रहा है। देश के प्रति सम्मान और प्रेम को जाहिर करती तस्वीर में हर घर पर शान से तिरंगा लहराते हुए दिख रहा है। छपरा शहर के नगर निगम क्षेत्र में 32 हजार मकान है तथा 1.95 लाख की आबादी है। शहर के तकरीबन सभी घरों पर तिरंगा देखने को मिला।

रोहतास में शान से लहराया तिरंगा
76वें स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को रोहतास में शान से तिरंगा लहराया गया। प्रशासनिक कार्यालयों, शिक्षा संस्थानों, बैंकों, राजनीतिक दल के कार्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया।
खगड़िया में शान से लहराया तिरंगा
खगड़िया़ में आजाद भारत का 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शान से तिरंगा लहराया गया। विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों, स्कूल, कॉलेज, पंचायत सरकार भवन आदि जगहों पर सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया गया।

बेतिया में सभी घरों पर लहरा रहा है तिरंगा
हर घर तिरंगा अभियान का असर बेतिया में भी व्यापक तौर पर देखने को मिला है। जिला के अधिकतर घरो पर तिरंगा लहराते हुए दिख रहा है। शहर के भवनों पर तिरंगा 14 अगस्त से देखने को मिल रहा है।
लखीसराय में हर घर तिरंगा अभियान का दिखा असर
लखीसराय जिले में हर घर तिरंगा अभियान का असर दिखा है। बताते चलें कि देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। लखीसराय जिले के मुख्य मार्ग पर इसका खास असर दिख रहा है। हर चौक-चौराहे पर तिरंगा लगा दिखाई पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर घर तिरंगा अभियान का असर दिख रहा है।

