मुजफ्फरपुर के एक होटल में मंगलवार को शराब व शवाब के साथ मनाई जा रही बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने रेड की थी। इसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। फुटेज में साफ साफ देखा जा रहा है कि शराब व शवाब के साथ जमकर पार्टी हो रही है। इसमें जमकर ठुमके लग रहे हैं। इसी दौरान अचानक से पुलिस धावा बोल देती है। पुलिस के धावा बोलते ही अचानक से भगदड़ मच जाती है।

वीडियो में पता चला रहा है कि पुलिस के आने की भनक युवकों को लग जाती है। इसमें कुछ युवक पुलिस-पुलिस चिल्लाते हैं। पुलिस सुनते ही युवक इधर-उधर भागने लगते हैं। नर्तकियां भी जान बचाकर भागने लगती हैं। हालांकि, इस भगदड़ में कई युवक पकड़े गए। जबकि, नर्तकियां भी पकड़ी गई। जबकि, मौके से आधा दर्जन युवक फरार होने में सफल हो जाते हैं।इधर, पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, बर्थडे बॉय की तलाश में सीतामढ़ी इलाके में छापेमारी की जा रही है। ताकि, उसे गिरफ्तार किया जा सके।

मंगलवार को हुई थी पार्टी
बताते चलें कि अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित SSB कैंप के समीप स्थित आर्यन होटल में शराब और शवाब के साथ बर्थडे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने धावा बोल दिया था। मौके से तीन नर्तकियों और पांच लड़कों को दबोचा गया। मौके से एक बोतल शराब और कुछ खाली बोतल व ग्लास भी बरामद किया गया था। पुलिस कार्रवाई से बचने को करीब आधा दर्जन से अधिक युवक छत से कूदकर भागे, जिसमें कूदने के क्रम में एक युवक के पेट मे सरिया घुस गया। वह गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। उसे SKMCH भर्ती किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिंकन्द्रपुर के सतीश कुमार, सीतामढ़ी खनुआघाट के दिलराजा कुमार, औराई के ऋषिकेश कुमार, हथौड़ी शाहपुर के टुनटुन कुमार, शिवहर तरियानी के विकास कुमार के रूप में हुई है। वहीं भागे हुए आरोपियों की पहचान अहियापुर भिखनपुरा के रणवीर सहनी, उमानगर के राजीव कुमार, उमाशंकर राय के रूप में हुई है। उमाशंकर होटल संचालक बताया गया है। इन सब पर भी FIR दर्ज किया गया है। जबकि एक नाबालिग को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है।

रेड लाइट एरिया से बुलाई गई थी नर्तकियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि सीतामढ़ी के एक प्रोपर्टी डीलर के बेटे नीतीश कुमार की बर्थडे पार्टी थी। उसी के नाम से होटल बुक था। होटल संचालक को मोटी रकम देकर पूरी व्यवस्था की गई थी। रेड लाइट एरिया से तीन नर्तकियों को बुलाया गया था। देर रात शराब और शबाब की पार्टी शुरू हुई। जमकर गाने बज रहे थे। नर्तकियों के साथ बर्थडे बॉय समेत सभी ठुमके लगा रहे थे। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।



