मुंगेर में हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मुलूकटांड़ दास टोला के वार्ड नंबर 17 में अवस्थित सामुदायिक भवन में बीती देर रात लगभग 1 बजे असमाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इस आग में सामुदायिक भवन में रखे टेबल, बेंच, अलमीरा में रखे किताब और अन्य सामान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को भी असमाजिक तत्वों ने नही बख्शा और सभी को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार दास टोला के इस सामुदायिक भवन में स्थानीय ग्रामीण युवा अपने भविष्य के निर्माण को ले पढ़ाई और प्रतियोगिता परीक्षा कि तैयारी को ले ग्रुप स्टडी करते थे। प्रतियोगिता परीक्षा कि तैयारीको लेकर काफी मात्रा में प्रतियोगिता परीक्षा की किताबो को जमा कर एक अलमीरा में रखा गया था। वहीं घटना के संवंध में स्थानीय युवा बादल कुमार ने बताया कि गांव में जगह की कमी के कारण सभी 10-12 लड़के यहां एक साथ पढ़ाई किया करते है। जिसको ले काफी संख्या में यहां बुक खरीद के रखा गया था।

बीती देर रात पढ़ाई खत्म कर जब युवक खाना खाने घर गए थे तो किसी असमाजिक तत्वों के द्वारा अलमीरा से किताब , झंडा और कुर्सी टेबल एक जगह एकत्रित कर उसमें पेट्रोल डाल आग लगा दिया गया। जब खाना खाकर वापस आया तो देखा सामुदायिक भवन के अंदर आग धधक रहा था। जिसके बाद हल्ला कर ग्रामीणों को बुलाया गया और फिर काफी मशकत के बाद आग पे काबू पाया गया।

इस दौरान युवक ने बताया कि जिस जगह पर यह सारे समान को जलाया गया उस जगह पर पेट्रोल की महक आ रही थी। सामुदायिक भवन में पढ़ाई करने वाले छात्रों ने बताया की अब वे कहां पढ़ने जायेगें ये समझ नही आ रहा है। वहीं इसको लेकर ग्रामीणों द्वारा स्थानीय थाना और एसडीओ को सूचना दे दी गई है जिसके बाद सभी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
आगजनी की घटना में करीब 50 हजार की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। इस दौरान हवेली खडगपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है जांच की जा रही है।



