सीवान के विभिन्न नगर पंचायतों का एक तरह से यही हाल है। शहर के मकानों से निकलने वाले गंदे पानी नाले से बाहर सड़कों पर रिसाव कर रहे है। कहीं-कहीं तो नाले का स्लैब भी नहीं रखा गया है। जो अनजान लोगों के लिए बेहद खतरा साबित हो रहा है। बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है जिसकी वजह से नाला पूरी तरह से ढक जाता है। और लोग इस नाले में गिर कर जख्मी हो जाते है।

ताजा मामला जिले के मैरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 से आया है। जहां 7 साल का एक बच्चा सोनू साइकिल चलाते हुए अनियंत्रित होकर कीचड़नुमा नाले में गिर गया। इसके बाद वह जख्मी हो गया। जिसका लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पूरा मामला 15 अगस्त का है जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जारी किया गया। बताया जा रहा है कि 7 वर्षीय बच्चा अपने साथियों के साथ साइकिल चला रहा था।

इसी दौरान अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खुले में सड़कों पर रिसाव हो रहे गंदे नाले में साइकिल सहित जाकर गिर गया। इस दौरान पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्चे के साथ घटित घटना की लाइव सीसीटीवी की फुटेज कैद हो गई। अब बच्चे का लाइव वीडियो सामने आने के नगर पंचायत पंचायत की जमकर आलोचना की जा रही है।

लोग नगर पंचायत के कार्यशैली और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाने लगे है।लोगों का कहना है कि नगर पंचायत भ्रष्टाचार का शिकार हो गई है जगह जगह पर नाले से गंदे पानी का रिसाव हो रहा है सड़क पर जल जमाव की स्थिति है। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में पानी निकालने की व्यवस्था नहीं है।

इन सब के बावजूद भी नगर पंचायत हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बताते चलें कि हाल ही में मैरवा रेफरल अस्पताल के शौचालय सड़कों पर बहता हुआ गंदे पानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने अस्पताल प्रशासन व नगर पंचायत की जमकर आलोचना की थी।



