बेगूसराय में किसान के घर चोरी करने पहुंचे तीन चोरों में से एक चोर रंगे हाथ धरा गया। उक्त चोर को घरवालों और स्थानीय लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की । इससे पहले घरवाले और स्थानीय लोगों ने उस चोर के हाथ बांधकर बंधक बना लिया। जिसके बाद कुछ देर तक रुक रुक कर उसकी पिटाई करते रहे। पिछले कई चोरी के मामले में चोरी किए गए सामानों के बारे में भी लोग उससे पूछ रहे थे।

इस चोरी की घटना के सूचना पर मौके पर बलिया पुलिस पहुंची । पुलिस उस चोर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूरी घटना बलिया थाना क्षेत्र के लख्मीनिया गांव की है। बताया जा रहा है कि किसान कुमार गौरव सिंह के घर देर रात 3 की संख्या में कच्छा बनियान पहने अर्धनग्न अवस्था में चोर दाखिल हुआ था।

इसी दौरान वह बर्तन में टकराकर गिर गया। बर्तन गिरने की आवाज सुन घरवाले उठ गए और शोर करना शुरू कर दिया। इसके बाद 2 चोर तो मौका ए वारदात से भागने में सफल रहा। पर स्थानीय लोगों की मदद से घरवालों ने एक चोर को पकड़ लिया। जिसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चोर का हाथ बंद कर रखे रहा और उसकी जोरदार पिटाई भी की।

बाद में स्थानीय लोगों ने बलिया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई है। हिरासत में लिया गया चोर लखमीनिया गांव का निवासी अतुल कुमार बताया जा रहा है।

बाद में पुलिस ने उसके एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया है। उससे भी लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बीते दिनों हुए कई चोरी की घटनाओं का उदभेदन की संभावना जताई जा रही है।



