कटिहार में एक प्रेमी जोड़े की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई का वीडियो सामने आया है। जिसमें लोग पहले प्रेमी को पकड़कर पीटते दिख रहे हैं, जबकि प्रेमिका उसे बचाने की हर कोशिश करती है। वो अपने प्रेमी से लिपट कर उसे भीड़ की मार से बचाना चाह रही है। इस दौरान लोग उसे भी जमकर पीटते हैं।

रविवार को अलग-अलग सोशल मीडिया पर इस पिटाई का वीडियो शेयर हो गया। घटना शनिवार को फलका थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बांध टोला लोझर गांव में घटी। पिटाई के दौरान प्रेमी जोड़ा चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन ग्रामीणों को बिल्कुल भी तरस नहीं आया।

क्या है पूरा मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार, फलका थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी बब्बन चौधरी की शादी 2 साल पहले चोनिया बस्तौल में ममता कुमारी के साथ हुई थी। पति-पत्नी का जीवन ठीक-ठाक चल रहा था, इस बीच 6 महीने पहले दोनों में अनबन होने लगी। जिसके बाद ममता पति को छोड़कर चोनिया बस्तौल गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई।

6 महीने बाद प्रेमी संग लौटी तो लोगों ने पीटा
अचानक शनिवार की शाम विवाहिता अपने प्रेमी के साथ पुराने ससुराल लक्ष्मीपुर पहुंची। दोनों को देखते ही ससुराल पक्ष और गांव के लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी फलका थाना अध्यक्ष उमेश पासवान को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही फलका पुलिस लक्ष्मीपुर पहुंचकर प्रेमी और प्रेमिका को अपने कब्जे में ले लिए। लड़की के पति लक्ष्मीपुर गांव निवासी बब्बन चौधरी पिता कामो चौधरी ने बताया कि 6 महीने पहले ही ममता कुमारी घर छोड़कर फरार हो गई थी।

पंचायत ने शांत कराया मामला
घटना की सूचना जब पंचायत के मुखिया सरपंच को मिली तब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए पंचायत बुलाई। दोनों के परिवार के बीच बातचीत कर मामले को शांत करा दिया गया। मामले में फलका थाना अध्यक्ष उमेश पासवान ने बताया कि लक्ष्मीपुर गांव में प्रेमी और प्रेमिका के साथ मारपीट की जानकारी मिलते ही गश्ती पुलिस ने पहुंचकर दोनों को ग्रामीणों से बचाया और अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा अभी किसी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



