भागलपुर। अगर आप अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए वैन या मैजिक वाहन का इंतजार कर रहे हैं तो आपकी परेशानी बढ़ने वाली है। दरअसल, परिवहन विभाग की कार्रवाई के विरोध में रविवार को सैंडिस कंपाउंड में बैठक के बाद निजी वाहन चालक, मालिक और मोटर वाहन संघ के सदस्यों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
इस दौरान इनलोगों ने परिवहन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद नगर विधायक अजीत शर्मा से मिलकर अपनी समस्या रखी। विधायक ने अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। बता दें कि पिछले दिनों एक टेम्पो और ट्रक की बीच हुई टक्कर में माउंट असीसी के 6 बच्चे घायल हो गए थे।
इनमें दो बच्चों को गंभीर चोटें आईं थीं। हादसे के बाद से ही परिवहन विभाग हरकत में आ गया और बिना वैध परमिट व मंजूरी के धड़ल्ले से चल रहे स्कूली वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी।
कुछ वाहनों को जब्त करने व जुर्माना वसूलने के साथ चेतावनी भी दी गयी। इनमें से ज्यादातर चालक चेकिंग अभियान को देखकर ही अपना वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए थे।
वाहन मालिकों की ये हैं प्रमुख मांगें
सभी वाहनों से दंड शुल्क को माफ किया जाए
स्थानीय नगरीय निबंधन कर का परमिट दिया जाए
छोटे वाहनों से व्यावसायिक शुल्क न लिया जाए
वाहनों के कागजात सही करने के लिए कम से कम पांच माह का समय दिया जाए समस्याओं के समाधान के लिए कैंप लगाया जाए
विधायक ने समाधान का दिया आश्वासन
विधायक अजीत शर्मा से उनके आवास पर वाहन मालिकों ने मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया है कि परिवहन विभाग बेवजह उनकी गाड़ियों पर कार्रवाई कर रहा है। अगर किसी वाहन के कागजातों में किसी तरह की कोई कमी है तो ठीक करने का समय दिया जाए। परमिट जारी करने का कोई सरल उपाय व नियम बनाया जाए। विधायक ने अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है

