नालंदा : महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी कॉलेज के इंटर्न डॉक्टर मंगलवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए। जिसके चलते ओपीडी सेवा ठप हो गई है। जिसका खामियाजा ईलाज कराने आए मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। ओपीडी सेवा ठप रहने के कारण अस्पताल के मुख्य गेट पर मरीजों की भारी तादाद देखने को मिल रहा है।

इस संदर्भ में हड़ताल पर गए डॉक्टर ने बताया कि आज सभी इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड की बढ़ोतरी को लेकर इकट्ठे हुए हैं। सरकार ने वादा किया था कि हर 3 साल पर स्टाइपेंड की बढ़ोतरी की जाएगी। अभी वर्तमान में 15000 का स्टाइपेंड मिल रहा है जो कि एक मनरेगा मजदूर से भी कम है। वर्ष 2017 से लेकर अभी तक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी नहीं की गई। 6 साल हो जाने के बावजूद सरकार ने इसे लेकर कोई विचार नहीं किया है।

वर्तमान में जो स्टाइपेंड 15,000 मिल रहा है। उसे बढ़ाकर 35000 किया जाए। क्योंकि अन्य राज्यों में कई गुना अधिक बिहार के मुकाबले स्टाइपेंड दिया जा रहा है। मरीजों को कोई परेशानी ना हो इसलिए इमरजेंसी सेवा को चालू रखा गया है।

लेकिन ओपीडी सेवा ठप रहेगी। अगर सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है तो हम लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में ईलाज के लिए नालंदा के अलावे शेखपुरा, नवादा, गया, जमुई, लखीसराय समेत झारखंड से भी मरीज यहां पहुंचते हैं।



