पटना। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने विधानसभा में कहा कि हमारी (जदयू और राजद) जोड़ी धमाल मचाने वाली है। हम समाजवादी लोग हैं, हमारे खेत में आपको (भाजपा) फसल नहीं लगाने देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की असल पीड़ा तो 2024 लोकसभा चुनाव का डर है जिसमें अब बिहार से संघियों का सफाया हो जाएगा।
तेजस्वी ने भाजपा सदस्यों के विरोध के बीच सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स को भाजपा की जमाई बताते हुए कहा कि उनकी रणनीति है- जो डरेगा उसे डराओ, जमाई से कार्रवाई कराओ। वे बुधवार को विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में बोल रहे थे।
संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भाजपा से अलग होने के कारण बताए। कहा- भाजपा ने भरोसा दिया था कि डबल इंजन सरकार से बिहार में विकास होगा, पर नहीं हुआ इसलिए अलग हुए।
बहस में जीतनराम मांझी, अजीत शर्मा, महबूब आलम, रामरतन सिंह, अजय कुमार तथा अख्तरुल ईमान ने विश्वास मत के पक्ष में अपनी बातें कहीं।


