गया में राज्य खाद्य निगम के प्रखंड स्तरीय गोदाम में डोर स्टेप डिलीवरी के कायदे कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। साथ ही परिवहन विभाग के नियमों को ताक पर रख कर निगम ठेकेदारों द्वारा फिटनेस और प्रदूषण फेल वाहनों से खाद्यान्न की ढुलाई करवा रहा है।
यही नहीं, ऐसे भी कई वाहन हैं जिनकी मियाद पूरी हो चुकी है, फिर उन वाहनों से काम लिया जा रहा है। जबकि ऐसे वाहनों के ठेकेदारों को डोर स्टेप डिलीवरी का ठेका नहीं दिया जाना चाहिए था।
बावजूद इसके राज्य खाद्य निगम ने ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे वाहनों को ठेका दे दिया है। अचरज की बात है कि फिटनेस व प्रदूषण फेल का मसला किसी एक वाहन का नहीं है बल्कि एक दर्जन से अधिक वाहन ऐसे हैं जिनके न फिटनेस है और न ही प्रदूषण और न ही इंश्योरेंस है।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब डीएम डॉ त्यागराजन के आदेश पर खिजरसराय स्थित एसएफसी गोदाम पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
जांच के दौरान बीडीओ पवन कुमार ठाकुर को देखते ही डीएसडी ठेकेदार के द्वारा लगाए गए सभी वाहन को गोदाम से आननफानन में हटवा दिया गया। ठेकेदार के इस रवैए से जांच अधिकारी अचरज में पड़ गए। उन्होंने गोदाम से अनाज ढुलाई में लगे सभी वाहनों के दस्तावेज खंगालना शुरू किया। जिसके बाद उन्हें डीएसडी ठेकेदार व निगम के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल गए।
दरअसल किसी भी विभाग द्वारा किसी भी वाहन के ठेकेदार का टेंडर तभी स्वीकृत किया जाता है जब वाहन से जुड़े सारे दस्तावेज अप टू डेट होते हैं। लेकिन इस प्रावधान का राज्य खाद्य निगम द्वारा तनिक भी पालन नहीं किया गया। इधर, डीएम एसएफसी प्रवीण कुमार दीपक का कहना है कि अगर ऐसा हुआ है तो वह मेरे कार्यकाल का नहीं है। बावजूद इसके यदि ऐसा मामला है तो मैं देख लेता हूं।
