मुजफ्फरपुर। माैसम विभाग ने मुजफ्फरपुर समेत आसपास के क्षेत्र व नेपाल के तराई में रविवार और साेमवार काे भारी बारिश काे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इस सूचना के बाद शनिवार काे डीएम प्रणव कुमार ने अधिकारियों काे अलर्ट कर खासकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सीओ और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं काे विशेष चौकसी का निर्देश दिया है।
डीएम ने सभी अधिकारियों को बारिश की स्थिति में पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिले के लाेगाें से इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने दाे-तीन दिनाें तक इस क्षेत्र में बारिश की सक्रियता की चेतावनी दी है। इसके लिए मौसम विज्ञान केंद्र से जारी रेड अलर्ट का हवाला दिया गया है।
डीएम ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को अगले दो-तीन दिन विशेष सतर्कता बरतने और सभी प्रकार की आवश्यक तैयारी का निर्देश दिया है। उन्होंने भारी वर्षा की संभावना काे देखते हुए जिले के सभी तटबंधों पर विशेष चौकसी रखने एवं नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी कर नियमित जानकारी जिला मुख्यालय को देने काे कहा है।
आम लाेगाें से भारी वर्षा के दौरान सजग रहने, नदियों के किनारे और जलजमाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने देने की अपील की है। आपदा एवं परेशानी की स्थिति में सहायता और सूचना के लिए जिला आपदा केंद्र के फाेन नंबर 0621-2212007 पर संपर्क करने काे कहा है।

