मुजफ्फरपुर : सिकंदरपुर के रिटायर प्रोफेसर मायाशंकर झा को थप्पड़ मारने के आरोप में तिरहुत रेंज के आईजी ने नगर थानेदार इंस्पेक्टर और एएसआई को सस्पेंड कर दिया। बीते सात अगस्त के इस मामले की जांच में बुधवार की रात आईजी नगर थाने पहुंचे।

थानेदार और एएसआई को सस्पेंड करने की बात थाना के सनहा बुक में भी आईजी ने दर्ज कर दी है। गुरुवार को इसका विधिवत आदेश जारी किया गया। आईजी ने इसकी पुष्टि की है। अब मामले में इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी चलायी जायेगी। सिकंदरपुर के रिटायर प्रोफेसर मायाशंकर झा की कॉस्मेटिक की एक दुकान है। दुकान के सामने पड़ोसी व्यवसायी निर्मल मोदी का घर है।

बीच में गली में बाइक लगाने को लेकर निर्मल मोदी और मायाशंकर झा में विवाद काफी दिनों से हो रहा था। इस पर निर्मल मोदी की ओर से नगर थाने में शिकायत की गई थी। निर्मल मोदी की शिकायत की जांच एएसआई कुंदन ओझा को दी गई थी। कुंदन ओझा ने मामले में मायाशंकर झा व उनके पुत्र को सिकंदरपुर से पकड़कर नगर थाने लाया और हाजत में दिनभर बंद रखा।

यह मामला बीते सात अगस्त का है। दिनभर हाजत में बंद रहने के बाद नगर थानेदार अनिल कुमार आये और दोनों पक्षों को बैठाकर मामले पर बात की थी। आरोप है इसी दौरान नगर थानेदार ने मायाशंकर झा को पड़ोसी की मौजूदगी में थप्पड़ मारा था। हालांकि इसके बाद उन्हें मुचलका बनवाकर थाना से मुक्त किया गया था। इसी मामले की शिकायत मायाशंकर झा की ओर से आईजी से की गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने पड़ोसी से रुपये लेकर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की।

शिकायत पर आईजी जांच के लिए नगर थाने पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा। फुटेज की मॉनिटरिंग पटना से होती है। इसलिए उन्हें फुटेज नहीं दिखाया जा सका। आईजी ने जांच में मायाशंकर झा के खिलाफ कोई मामला थाने में दर्ज होने की इंट्री नहीं पायी। बाद में उन्होंने इस बाबत नगर थानेदार से पूछताछ की तो उन्होंने भी मामले में निर्मल मोदी की शिकायत पर कार्रवाई की जाने की बात स्वीकार की। हालांकि उन्होंने थप्पड़ मारने के आरोप से इंकार किया।





