बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत 14 जिलों में भारी बारिश अलर्ट जारी किया है। वहीं 24 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आएगी।

मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली, शिवहर और सीतामढ़ी में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर ही अपने घरों से बाहर निकले। बारिश के वक्त पेड़ के नीचे छिपने से बचें।

पटना में घटने लगा गंगा का जलस्तर
पटना के दीघाघाट में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 29 सेमी, गांधीघाट पर 97 सेमी और हाथीदह में 91 सेमी ऊपर है। हालांकि, गांधी घाट पर 1 सेमी और मनेर में 3 सेमी की कमी आई है। गुरुवार शाम 6 बजे दीघाघाट पर जलस्तर 50.74 मीटर और गांधीघाट पर 49.57 मीटर मापा गया है। जबकि दीघाघाट पर खतरे का निशान 50.45 मीटर और गांधीघाट पर 48.60 मीटर है।

जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 सितंबर की देर रात तक दीघाघाट पर 18 सेमी और गांधीघाट पर 21 सेमी की कमी आने की संभावना है। उधर सोन और पुनपुन का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है। गुरुवार सुबह 6 बजे सोन नदी का जलस्तर कोईलवर में 52.60 मीटर जलस्तर मापा गया है। यहां खतरे का निशान 55.52 मीटर है।

भागलपुर में लगातार बढ़ रहा जलस्तर
गंगा के जलस्तर में वृद्धि अब भी जारी है। गुरुवार को भागलपुर में गंगा खतरे के निशान से 12 सेंटीमीटर ऊपर तो कहलगांव में 80 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। भागलपुर में खतरे का निशान 33.68 मीटर है। यहां गंगा 33.80 मीटर पर बह रही है। बाढ़ का पानी कई नए इलाकों में घुस गया है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आदित्य प्रकाश ने बताया कि इलाहाबाद में अब पानी घटना शुरू हाे गया है।





