समस्तीपुर : समस्तीपुर के पूसा सहित जिलेभर सभी डाकघर डिजिटल मार्केटिंग और प्रतिस्पर्धा की दौड़ में कदम से कदम मिलाकर चल रहे है। इसी कड़ी में डाक विभाग ने यूपीआई पेमेंट सिस्टम शुरू कर दिया है।
अब समस्तीपुर डाक प्रमंडल अंतर्गत प्रधान डाकघर, सभी उपडाकघर तथा शाखाडाकघर के काउंटर पर रजिस्ट्री, स्पीडपोस्ट, पार्सल आदि करने वाले ग्राहकों को छुट्टे पैसों की समस्या से बचने के लिए डाक विभाग ने सभी डाकघरों के काउंटर पर ‘क्वीक रिस्पॉन्स कोड’ लगाया है, जिसके माध्यम से हमारे सभी ग्राहक यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान कर सकते हैं।
इस आशय की जानकारी समस्तीपुर डाक प्रमंडल के मार्केटिंग एक्सक्यूटिव सह डाकपाल पूसा ने उपस्थित सभी ग्राहकों को दी। शैलेश ने आगे बताया कि डाकघरों के काउंटर पर रजिस्ट्री/स्पीड पोस्ट/ पार्सल आदि करने वाले ग्राहकों और डाक घर के काउंटर पर कार्य करने वाले कर्मियों को रोजाना छुट्टे पैसे की समस्या से रू-ब-रू होना पड़ता था।
जिसे दूर करने के लिए और भारत सरकार की ‘डिजिटल इंडिया’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डाक विभाग ने यह सार्थक कदम उठाया है। वर्तमान की युवा पीढ़ी तथा डिजिटल रूप से जागरूक सभी ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं।
बताते चले कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने हेतु 3 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर तात्कालिक संचार मंत्री मनोज सिन्हा की उपस्थिति में देश के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की 650 शाखा और 3250 एक्सेस पॉइंट की शुरुआत की गई थी
जिसका उद्घाटन दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम से प्रधान मंत्री ने किया था तथा वर्तमान में अब देश के तमाम डाकघरों पर यह सुविधा भी उपलब्ध है।
कार्यक्रम के अंत में डाकपाल शैलेश कुमार सिंह ने ग्राहकों से डाकघरों पर उपलब्ध इस डिजिटल सेवा का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर डाक सहायक विनोद कुमार, अमन कुमार, अरुण कुमार श्रीवास्तव, राम जिनिस राय, चंद्रमणि प्रसाद भोला, प्रमोद कुमार, भुवनेश्वर कुमार, राजदीप कुमार, महेश कुमार आदि शामिल थे।
