बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने अगले वर्ष से मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए यूनिक आइडी तैयार की है। यह अगले साल से बोर्ड की ओर से परीक्षार्थी को आवंटित की जाएगी। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को पंजीयन के साथ-साथ यूनिक आइडी का भी उपयोग करना होगा।
इससे उनकी आसानी से पहचान की जा सकती है। बिहार बोर्ड की ओर से मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए समुचित कदम उठाया गया है, उसी दिशा में परीक्षा समिति यूनिक आइडी कार्ड जारी करने का निर्णय लिया है। मालूम हो कि वर्ष 2023 की परीक्षा में लगभग 30 लाख परीक्षार्थी मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में शामिल होंगे।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर एवं मैट्रिक का परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। गुरुवार से परीक्षा फार्म भरना शुरू भी हो गया, जो आगामी 25 सितंबर तक जारी रहेगा। वर्ष 2023 की इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों का पंजीयन कार्ड जारी किया जा चुका है।
इसके अलावा बोर्ड ने परीक्षार्थियों का पंजीयन कार्ड भी जारी कर दिया है। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर अपना पंजीयन कार्ड जांच कर सकते हैं। परीक्षा फार्म इंटर स्तरीय स्कूल कालेजों के प्राचार्य परीक्षार्थियों को मुहैया कराएंगे।
इंटर का परीक्षा फार्म भरने का शुल्क इस वर्ष 1400 रुपए निर्धारित किया गया है। फार्म 15 से 25 सितंबर तक भरा जाएगा। परीक्षा फार्म आनलाइन भरा जाएगा।
बिहार बोर्ड के तत्वावधान में गुरुवार से मैट्रिक का परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। आगामी 25 सितंबर तक मैट्रिक का परीक्षा फार्म स्कूलों में आनलाइन भरा जाएगा। इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश बिहार बोर्ड में जारी कर दिया है। इस बार मैट्रिक का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए ₹865 शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षा फार्म भरने की उपरांत सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुल्क जमा करना होगा।
