खुशखबरी! जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए फ्रीस बस सेवा का आगाज, इन रूटों पर मिलेगी सुविधा

सीवान. बिहार के सिवान जिले के आम लोगों के लिए बड़ी और अच्छी खबर सामने आयी है. दरअसल सीवान में घर और मकान की खरीद-बिक्री करने वालों को अब फ्री बस सेवा मिलेगी. सिवान के अलग-अलग रूटों से 6 बसें प्रतिदिन खुलेंगी. जबकि इन बसों को मद्य निषेध व अवर निबंधन विभाग के मुख्य अपर सचिव केके पाठक के दिशा निर्देश पर सीवान समाहरणालय परिसर से डीडीसी दीपक कुमार, एडीएम और सब-रजिस्ट्रार तारकेश्वर पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर 6 रजिस्ट्री शटल फ्री बस सेवा की शुरुआत की है. इस बस सेवा का फायदा अवर निबंधन कार्यालय सिवान या फिर अन्य निबंधन कार्यालयों पर आने जाने वालों को मिलेगा.

रजिस्ट्री शटल फ्री बस सेवा 6 रूट पर चलेगी.

बहरहाल, सिवान जिला निबंधन कार्यालय से यह बस सेवा लोगों को शाम 5 बजे उनके तय स्‍थान तक पहुंचाएगी. यह सुविधा कार्यालय अवधि में निबंधनकर्ताओं को प्रतिदिन नि:शुल्क प्रदान की गई है, जिसकी शुरुआत 19 सितंबर 2022 को हुई है.

मॉडल डीड वालों को मिलेगी यह सुविधा
सीवान डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के द्वारा जिले के निबंधन कर्ताओं को संबंधित रजिस्ट्री ऑफिस तक नि:शुल्क पहुंचाने के लिए एक अनूठी पहल की गई है. इसके तहत जिला में नि: शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई है. इसके माध्यम से निबंधन कराने वालों के लिए निश्चित स्थान से बस सेवा मिलेगी, जिससे वे निबंधन कार्यालय पहुंच सकेंगे. मॉडल डीड के माध्यम से निबंधन कराया जाएगा. पक्षकारों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कार्यालय द्वारा ही मॉडल डीड तैयार किया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि जो लोग रजिस्ट्री कराने नहीं बल्कि रजिस्ट्री के संबंध में पूछताछ करने के लिए निबंधन कार्यालय आना चाहते हैं. वह भी इसका लाभ ले सकते हैं.

इन रूटों पर मिलेगी मुफ्त बस सेवा
सीवान जिले में बस सेवाओं की शुरुआत जिला निबंधन कार्यालय सीवान, महाराजगंज, बड़हरिया, रघुनाथपुर और बसंतपुर उर दरौली निबंधन कार्यालय के लिए शुरू की गई है. सभी के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किया गया है. अगर प्रारंभिक तौर पर यह सेवा सफल रहती है तो आगे तय रूट पर बसों की संख्या आगे बढ़ाई जाएगी. यह संख्‍या 16 से 18 हो सकती है.

बस सेवा के पक्षकारों को करानी होगी आनलाइन बुकिंग
निबंधन कार्यालयों में रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसका मकसद पक्षकारों का समय बचाने के साथ ही कार्यालय में अचानक आने वाली भीड़ से निपटना भी है.अब कोई पक्षकार निबंधन के लिए बुकिंग करेंगे तो उनके सामने बस सेवा का विकल्प भी आएगा.

वह अपने हिसाब से जो समय देंगे, उसी के अनुसार एक निश्चित स्थान पर बस लगी रहेगी. यहां निबंधन कराने वाले पक्षकारों के लिए सीट रखी होंगी. जमीन या फ्लैट के एक निबंधन पर दोनों पक्षों को मिलाकर पांच से छह लोगों का औसत रखा गया है. निबंधन कार्यालय में काम हो जाने के बाद उन्हें पुनः बस से वापस उसी जगह छोड़ दिया जाएगा, जहां से वह बस पर सवार हुए थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading