मुजफ्फरपुर. एसकेएमसीएच में एक अनोखा मामला तब सामने आया जब एसी खराब होने पर एक महिला चिकित्सक ने मरीजों को देखने से इंकार कर दिया. मरीजों की कतार बढ़ने पर भी वह इस दौरान मोबाइल में लगी रहीं. मरीज गुहार लगाते रहे मगर उनकी पुकार अनसुनी ही रही. मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच के इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में साफ-साफ देखा जा रहा है कि एसकेएमसीएच की महिला चिकित्सक के सामने मरीजों की कतार लगी हुई है जबकि, कुछ मरीज बेंच पर लेटे हुए हैं. लेकिन, वे मरीज को देखने के जगह मोबाइल में लगी हुई हैं. बताया जा रहा है कि महिला डॉक्टर ने चेंबर का एसी खराब होने से मरीजों को नहीं देखा. मरीजों को देखने से इंकार करने पर नाराज मरीज और उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया.

हंगामें की सूचना पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड ने मरीज और उनके परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया. इस बीच महिला डॉक्टर चेंबर छोड़कर भी निकल गईं. मरीजों ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकीं और न ही अपना पक्ष मीडिया को बताया.

हालांकि, इसको लेकर एसकेएमसीएच (SKMCH) के प्रभारी सुपरिंटेंडेंट डॉ एसके शर्मा ने बताया कि फिलहाल एसी ठीक करने के लिए कह दिया गया है, लेकिन यह गलत है कि एसी की वजह से किसी मरीज का इलाज रोका गया. इसको लेकर उक्त महिला चिकित्सक से बात की जाएगी और मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा.





