पटना : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में गृह मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे पर बिहार के सीमांचल इलाके में हैं। वे पूर्णिया में जनभावना सभा (रैली) को संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद वे किशनगंज चले जाएंगे। किशनगंज में वे सीमांचल के बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। किशनगंज में नेपाल सीमा पर एसएसबी कैंप भी जाएंगे।
महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अमित शाह का यह पहला बिहार दौरा है। इसमें वे बीजेपी की मजबूती पर जोर देंगे। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एवं राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को निशाने पर लेंगे, यह तय लग रहा है। बीजेपी विरोधी दलों की उनपर नजर बनी हुई है। लालू यादव ने भी अलर्ट रहने को कहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने शंख बचाने शुरू कर दिए। इंदिरा गांधी स्टेडियम गूंज उठा। अमित शाह जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी नारेबाजी की जा रही है। शंखध्वनि सुनकर सभी रोमांचित हो उठे हैं।
बिहार में प्रतिपक्ष नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 2020 चुनाव में एनडीए के साथ रहते हुए कहा था कि वो उनका अंतिम चुनाव है। अब उनसे बदला लेने का समय आ गया है। 2024 चुनाव उनका अंतिम चुनाव बनाना है।
उन्होंने नीतीश कुमार को पलटू कुमार बताते हुए विकास और एनडीए सरकार के बजट का बखान किया। सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार बड़ा ग्रांट देती है लेकिन नीतीश कुमार कहते हैं कि केंद्र सरकार सहयोग नहीं करती।



