मुजफ्फरपुर : नगर निकाय चुनाव के लिए प्रथम चरण में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के आवेदनों की जांच कर ली गई है। इसमें आठ प्रत्याशियों के आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए।
अब प्रथम चरण में 809 प्रत्याशी मैदान में है। शनिवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि है। इसके बाद ही प्रत्याशियों की संख्या फाइनल होगी। इन प्रत्याशियों को रविवार को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
मालूम हो कि प्रथम चरण के चुनाव में कुल 821 नामांकन हुए थे। इनमें से चार ने दो बार नामांकन किया था। इस तरह कुल 817 प्रत्याशियों का नामांकन हुआ था।
आवेदनों की स्क्रूटनी में सभी आवेदन वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के अस्वीकृत हुए हैं। इनमें से सर्वाधिक मीनापुर नगर पंचायत के हैं।
यहां पार्षद प्रत्याशी के पांच आवेदन रद्द कर दिए गए। इसके अलावा साहेबगंज नगर परिषद, बरूराज नगर पंचायत और सकरा नगर पंचायत से एक-एक आवेदन रद्द हुए।
प्रथम चरण के चुनाव में मुख्य पार्षद पद के लिए साहेबगंज नगर परिषद एवं उप मुख्य पार्षद पद के लिए सरैया नगर पंचायत में सर्वाधिक उम्मीदवार हैं। शनिवार तक इनमें से किन्हीं की नाम वापसी नहीं हुई तो यहां दो-दो ईवीएम से मतदान कराना पड़ सकता है।
साहेबगंज नगर परिषद में मुख्य पार्षद पद के 18 प्रत्याशी हैं। वहीं सरैया नगर पंचायत में उप मुख्य पार्षद पद पर 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है।
16 से अधिक उम्मीदवारी वाले पद पर दो ईवीएम का उपयोग मतदान के लिए किया जाना है। इसके अलावा मुख्य पार्षद पद के लिए सबसे कम प्रत्याशी तुर्की कुढ़नी में है। यहां महज पांच ने नामांकन किया है।
