पटना: बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. हर गांव में टैलेंट बसता है. तीसरी कक्षा के एक छात्र जो मैथ गुरु के नाम से पूरे पटना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल बॉबी राज तीसरी कक्षा में पढ़ता है और दसवीं तक के छात्रों को बड़ी आसानी से गणित पढ़ाता है. बॉबी के टैलेंट की अभिनेता सोनू सूद भी तारीफ कर चुके हैं और उसे पढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी भी उठायी है.
![]()
पटना का 8 साल का मैथ गुरु
बॉबी राज पटना से सटे मसौढ़ी प्रखंड के चपौर गांव में रहता है. बॉबी राज के पिता राजकुमार एक शिक्षक हैं जो प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाकर घर की जीविका चलाते हैं. बॉबी की उम्र महज 8 साल है लेकिन इसकी काबलियत बड़े बड़ों को पछाड़ रही है. छात्र बॉबी राज नौवीं और दसवीं के मैथ को बड़ी आसानी से सॉल्व करके छात्रों को पढ़ाता है.
10वीं तक के छात्रों को पढ़ाता है गणित
बॉबी राज और उनके माता-पिता ने कहा कि कोरोना काल में जब सभी कोचिंग स्कूल बंद हो गए थे तो घर में ही बॉबी राज को बैठाकर पढ़ने पढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी. बॉबी सातवीं से लेकर दसवीं तक के मैथ को आसानी से सॉल्व कर देता है.

गणित में महारत हासिल
बॉबी के पिता राजकुमार और मां चंद्रप्रभा कुमारी ने साल 2018 में एक प्राइवेट स्कूल खोला था. इस स्कूल में नर्सरी से लेकर दसवीं तक के बच्चों को पढ़ाया जाता है. चपौर गांव के ज्यादातर बच्चे इसी स्कूल में पढ़ने आते हैं. स्कूल के साथ ही घर में ट्यूशन भी जाती है. इस कोचिंग में बॉबी सीनियर क्लास के छात्रों को गणित पढ़ाता है.




