मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिला के रेवा रोड से सटे एलपी शाही कॉलेज रोड, जगन्नाथ पताही के मोहल्लावासियों ने गुरुवार को सड़क निर्माण में बरती अनियमिताओं को लेकर को लेकर बैठक की।
इस दौरान मोहल्लावासियों ने इस पर विस्तार से चर्चा की। वहीं संबंधित कनीय अभियंता को इन समस्याओं के बारे में फोन पर अवगत कराया गया।
इस पर कनीय अभियंता मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया इस दौरान बड़ी संख्या में मोहल्लावासियों ने कनीय अभियंता को पीसीसी सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही एवं अनियमितता को लेकर संबंधित पदाधिकारी को पूरे सड़क का भ्रमण कराकर विस्तार से जानकारी दी।
बताया गया कि संबंधित संवेदक के द्वारा सड़क की चौड़ाई कम कर दी गई है साथ ही सड़क के दोनों किनारे आवश्यक मिट्टी की भराई एवं ईंट सोलिंग का कार्य संवेदक द्वारा नहीं कराया गया है, परिणामस्वरूप सड़क दोनों किनारे से टूट रही है।
मोहल्लावासियों ने उक्त पीसीसी सड़क निर्माण के कार्य में संवेदक के द्वारा बरती गई लापरवाही एवं अनियमितताओं की जांच कराकर दोषी संवेदक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण में बरती गई अनियमितता एवं लापरवाही को तत्काल दूर कराने की मांग की गई है।
यदि दोषी संवेदक के विरुद्ध उचित कार्रवाई एवं सड़क निर्माण में बरती गई अनियमिताओं को दूर नहीं किया जाता है तो मोहल्लावासी जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर एवं प्रधान सचिव से इसकी शिकायत करेंगे। इसकी सारी जवाबदेही संबंधित विभाग के कनीय अभियंता व मुख्य कार्यपालक अधिकारी की होगी।
मौके पर अधिवक्ता कमलेश कुमार, बलदेव राय, सीके सिंह, राकेश कुमार, वरुण कुमार सिंह, उज्ज्वल कुमार सिंह, अजय कुमार, धमेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अनंता नंद, सतीश कुमार सुमन, रंजीत कुमार, गोपाल मिश्रा, रंजन सहित कई अन्य उपस्थित थे।


