मुजफ्फरपुर : शहर के मझौलिया रोड निवासी संजीव कुमार बुल्लू की पुत्री इल्याणा ऐश्वर्या किरण ने न्यायिक सेवा परीक्षा पास कर जिले का नाम रौशन किया है। इस सफलता पर मां किरण महाराज की आंखें खुशी से नम हो गई। उन्होंने ईश्वर से सभी को ऐसी बेटी देने की प्रार्थना की।
बता दें कि ऐश्वर्या ने दूसरे प्रयास में 31 वीं बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। सोमवार को रिजल्ट आने के बाद मझौलिया रोड रसूलपुर जिलानी में जश्न का माहौल है।
ऐश्वर्या ने कहा कि परिवार के सहयोग से ही यह सफलता मिल सकी है। मझौलिया रोड रसूलपुर जिलानी के रहने वाले रेलवे में ट्रैकमैन संजीव कुमार बुल्लू और किरण महाराज की बेटी ऐश्वर्या ने बताया कि दामोदरम सज्जीव्या नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, विशाखापत्तनम से बीए एलएलबी करने के बाद 30 वीं न्यायिक परीक्षा में शामिल हुई थी।
पहले प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंची थी। असफलता के बाद और कठिन परिश्रम की। इसमें मम्मी-पापा सहित अन्य परिजनों का भी सहयोग मिला। ऐश्वर्या प्रभात तारा स्कूल से दसवीं और होली मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई की है।






