पटना। गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के बाद भाजपा ने सत्ताधारी महागठबंधन व सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ पलटवार किया है। दरअसल सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी व आरएसएस को लेकर बयान दिया था।
बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने नीतीश कुमार को राजनीतिक परजीवी बताया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.संजय जयसवाल ने नीतीश कुमार के बयान का हवाला देते हुए पूछा है कि क्या जेपी फासीवादी थे?
प्रवक्ता निखिल आनंद ने अपने ट्वीट में लिखा है कि आजीवन कन्हईयां-पिठईयां चढ़ने वाले ‘राजनीतिक परजीवी’ भी प्रधानमंत्री से पूछते हैं कि वे क्या थे?
निखिल आनंद ने लिखा है कि नीतीश कुमार ने कभी अपने बूते सरकार बनाया तथा खुद 1977 व 1980 में चुनाव हार गए थे।
बीजेपी प्रवक्ता के अनुसार नीतीश कुमार हार के डर से विधानसभा चुनाव नहीं लड़ते हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में जदयू को राजनीतिक गिरोह तक बता दिया है।
सीएम नीतीश कुमार द्वारा आरएसएस को फासीवादी संगठन बताने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ.संजय जायसवाल ने जय प्रकाश नारायण को कोट किया है कि जेपी ने कहा था कि यदि आरएसएस फासीवादी संगठन है तो वे भी फासीवादी है।
जायसवाल ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा है कि नीतीश कुमार में हिम्मत हो तो वे कहें कि यह बात जयप्रकाश नारायण ने नहीं कहे थे।

