मुजफ्फरपुर : जिले में आठ लाख उपभोक्ताओं के घरों में अगले माह से स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की योजना है। बताया जाता है कि दीपावली व छठ पर्व के बाद नवंबर के प्रथम सप्ताह से शहर व उसके आसपास के इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू होगा।
इसके पहले कंपनी के लोग हैंडबिल बांटकर उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहे है। घरो, दुकानों व चौक-चौराहों पर आने-जाने लोगों के बीच इसके फायदे के बारे में जानकारी दी जा रही है।
बिहार स्टेट पावर होल्डिंग लिमिटेड के सीनियर प्रोटोकाल ऑफिसर ख्वाजा जमाल ने बताया कि मुहल्लों में स्मार्ट मीटर लगने से पहले वहां माइक से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उसके बाद बिजली अधिकारी शिविर लगाकर बिजली बिल में सुधार आदि की कार्रवाई करेंगे।
पुराने बकाए का ब्योरा भी उपभोक्ताओं को बताया जाएगा। किस मद में कितनी कटौती की गई इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए छह से लेकर नौ सितंबर तक रामदयालु स्थित बिजली कार्यालय में सभी बिजली अधिकारियों को विशेष ट्रेनिंग दी गई।
अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए गए नए स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर के जरिए उपभोक्ताओं की सारी भ्रांतियां दूर कर दी जाएंगी। यह नया मीटर स्मार्ट फोन की ही तरह काम करेगा।
शॉट-सर्किट होने पर भी स्मार्ट मीटर का कुछ नहीं बिगड़ेगा। घर में लोड के हिसाब से स्मार्ट मीटर आपको जानकारी देगा। किसी उपभोक्ता को अगर तीन केवीए के लोड के बदले पांच केवीए आ रहा तो वे शीघ्र लोड बढ़वा सकेंगे।


