भागलपुर के बरारी थानाक्षेत्र स्थित माउंट कार्मल स्कूल परिसर के समीप से शुक्रवार को एक छात्रा को अगवा करने का प्रयास किया गया। जिसे अभिभावकों और आटो चालकों ने ऐन मौके पर विफल कर दिया। चार की संख्या में आए बदमाशों में एक नए तमंचा लहरा अगवा करने में बाधा बन रहे लोगों को गोली मारने की धमकी भी दी लेकिन विरोध करने वाले पिल पड़े थे। लत-घूंसा ऐसे चलाने लगे कि बदमाश साथ लाए वैन में सवार हो किसी तरह भाग निकले। गुस्साए लोगों के हत्थे एक बदमाश चढ़ गया जिसे लोगों ने पीटना शुरू कर दिया।
बरारी थानाध्यक्ष संजय सत्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच पकड़े गए बदमाश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पकड़े गए बदमाश की पहचान महादेव कुमार उर्फ महादेव मल्लिक के रूप में सामने आई है। वह स्थानीय बताया गया है। उसने तमंचा लहरा कर धमकी देने वाले बदमाश समेत अन्य की पहचान पुलिस की पूछताछ में बताया है। उन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
छात्रा के साथ थे अभिभावक, तब दुस्साहस दिखाया बदमाशों ने
छात्रा अभिभावक के साथ थी, उनकी मौजूदगी में बदमाशों ने जबरन तमंचा लहरा उसे साथ लाए वाहन में बैठाने का प्रयास किया। संयोग अच्छा था कि स्कूल बरारी-तिलकामांझी मुख्य मार्ग से सटा है, नतीजा व्यस्त मार्ग में लोगों की आवाजाही अच्छी – खासी थी। स्कूल के बाहर अन्य अभिभावकों और वाहन चालकों की अच्छी संख्या थी। जो पल भर में सारा माजरा समझ छात्रा को अगवा करने का प्रयास कर रहे बदमाशों से भिड़ गए।




