मुजफ्फरपुर : छठ पूजा पर सार्वजनिक घाटों की साफ-सफाई से लेकर प्रकाश तक की व्यवस्था नगर निगम करेगा। इसके लिए निगम ने कार्ययोजना तैयार कर कर्मियों की जवाबदेही तय कर दी है। निगम ने शहरी क्षेत्र में छठ पूजा के लिए पांच नदी घाटों एवं दो दर्जन पोखर-तालाबों को चिह्नित किया है।
नदी घाटों पर साफ-सफाई कार्य के अलावा नगर निगम तोरण द्वार, बैरिकेडिंग, पंडाल, नियंत्रण कार्यालय, चेंजिंग रूम का निर्माण भी कराएगा। इसके अलावा घाटों पर लाइटिंग, ध्वनि विस्तार, यूरिनल, बैठने की व्यवस्था, गेट, वाच टावर लगाने का काम भी निगम करेगा।
सिकंदरपुर सीढ़ी घाट एवं अखाड़ाघाट की मरम्मत एवं रंग-रोगन का काम भी किया जाएगा। इतना ही नहीं छठ व्रतियों की सुरक्षा के लिए नदी किनारे खतरे का निशान लगाया जाएगा और गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी।
घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ पहुंच पथों को भी सुगम बनाने का काम निगम द्वारा किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त नंद किशोर चौधरी ने कहा कि छठ पूर्व घाटों को तैयार कर लिया जाएगा।
इसके लिए कार्ययोजना बनाकर काम शुरू कर दिया गया है। फिलहाल घाटों की साफ-सफाई का काम चल रहा है। कार्यों का बंटवारा कर दिया गया है।




