धनतेरस पर आम और खास सबके लिए बाजार तैयार है। निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों की जेब के हिसाब से भी बर्तन का बाजार सज गया है। 25 रुपये में भी बर्तन खरीद आप धनतेरस मना सकते हैं। सरैयागंज, गोला रोड, कलमबाग चौक, ब्रह्मपुरा, मोतीझील, बनारस बैंक चौक, अघोरिया बाजार समेत शहर के सभी चौक-चौराहों पर बर्तन की होलसेल और खुदरा दुकानों में बर्तन की दुकानें सज गई हैं। बिक्री भी शुरू हो गई है। एल्यूमिनियम की जगह स्टील, पीतल व तांबे के बर्तन लोग अधिक पसंद कर रहे हैं।
कम से कम 10 फीसद की बढ़ोतरी
धनतेरस पर बर्तन व ज्वैलरी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसके चलते लोग बर्तन दुकानों से अपने सामर्थ्य के अनुसार कुछ न कुछ जरूर खरीदते हैं। बर्तनों की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत का इजाफा हो गया। इसके बाद भी बर्तन कारोबारियों को धनतेरस और दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद हैं।
सरैयागंज के होलसेल दुकानदार ने बताया कि पांच सौ से लेकर दस हजार तक की मूर्तियां उपलब्ध है। बर्तन बाजार में पीतल के लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की एक से बढ़कर एक वेराइटी मौजूद हैं। वहीं पीतल के थाली के साथ हाथी सेट और मंगल कलश की कीमत 2500 से शुरू है। धनतेरस में शुभ मानकर खरीदारी करते हैं। छठ पूजा में इसका उपयोग कर सकते हैं। पीतल के अलावा तांबे के बर्तन भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
कोरोना काल में ठप पड़ा था व्यापार
कोरोना काल के बाद से व्यापारी मंदी झेल रहे थे। इस बार बाजार में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इससे काफी अच्छा कारोबार होने की संभावना है। कीमतों में पिछले साल की अपेक्षा इजाफा हुआ है, लेकिन इसका कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। कारोबारी महेंद्र ने बताया कि नवरात्र में अच्छी बिक्री हुई है। धनतेरास के लिए शुक्रवार से भीड़ बढ़ेगी। स्टील दुकानदार अमन कुमार ने बताया कि स्टील का चम्मच एक 25 से 30 रुपये और छह पीस का सेट 155 से लेकर 200 रुपये तक उपलब्ध है।
स्टील की थाली 150 रुपये से लेकर 300 तक। ग्लास 60 रुपये से लेकर 200 तक। कटोरा 35 रुपये से लेकर 150 तक। जग 300 से लेकर 3000 तक। पीतल का अगरबत्ती स्टैंड, फैंसी दीये 25 रुपये से लेकर 150 तक। लोटा 100 रुपये से लेकर 500 तक। कूकर 800 से लेकर 5000 तक मिल रहा है।


