बोधगया में टूरिस्ट गाइड का टेंशन खत्म, देशी-विदेशी पर्यटकों को मिलेगी मदद, जानें क्या है तैयारी

गया : अगर आप ज्ञान की धरती बोधगया घूमने आ रहे हैं और आपके पास कोई गाइड भी नहीं है, तो परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है. बेफिक्र रहें. यहां आने पर आपको सुरक्षा देने के साथ-साथ अब इंग्लिश समेत अन्य कई विदेशी भाषा के वेल ट्रेंड Gaya Police के जवान मिलेंगे. ये मृदु भाषी भी होंगे. इनसे आप सहज रूप से अपनी भाषा में बात कर सकेंगे. दरअसल, बोधगया में प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में देश के साथ-साथ विदेशों से पर्यटक आते रहते हैं. इनकी परेशानियों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बोधगया में पर्यटक पुलिस यूनिट बनाया गया है. इनका मुख्य काम पर्यटन स्थलों पर विधि-व्यवस्था को संभालना व किसी तरह के अपराध को नियंत्रित करना होगा. पर्यटकों से आत्मियता से पेश आने के लिए इंग्लिश के साथ-साथ विदेशी भाषा की जानकारी रखना भी जरूरी होता है, इसलिए इन्हें विदेशी भाषा का भी प्रशिक्षण दिलाया जाएगा.

20 लोगों की बनाई गई है टीम

गया जिला प्रशासन ने बोधगया मंदिर के बाहर एक स्पेशल पुलिस यूनिट की तैनाती की है. यह टीम पर्यटकों की समस्याओं का समाधान करेगी. स्पेशल पुलिस यूनिट में एक इंस्पेक्टर, 3 दारोगा, एक हवलदार, 5 पुरुष और 10 महिला सिपाहियों को शामिल किया गया है. ये लोग आसपास की दुकान और बाजार पर भी नजर रखेंगे. साथ ही सक्रिय दलालों पर निगरानी रखेंगे. टीम के सदस्य भ्रमणशील रहेंगे. इसके लिए इन्हें बाइक व चारपहिया गाड़ी भी दी जाएगी. अलग पहचान के लिए ये लोग पुलिस की वर्दी के साथ अलग रंग का जैकेट भी पहनेंगे.

पुलिस वर्दी के साथ पहनेंगे अलग जैकेट

मामले में गया की एसएसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि इस बात का ध्यान रखा गया है कि पर्यटन पुलिस इकाई में ऐसे पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए, जो मृदुभाषी हों और अंग्रेजी सहित अन्य विदेशी भाषाओं की जानकारी भी रखते हों. इसमें 40 वर्ष से कम उम्र की 50 प्रतिशत महिला सिपाहियों को रखा गया है. उन्होंने कहा कि विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर का दर्शन-पूजा करने हर वर्ष लाखों के संख्या में देशी-विदेशी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. उनकी सुरक्षा व दिशा-निर्देशन को लेकर अलग से पर्यटन पुलिस की जरूरत को देखते हुए इकाई का गठन कर उन्हें यहां तैनात किया गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading