मुजफ्फरपुर : जिले भर में भाई-बहन का पवित्र त्योहार भाईदूज गुरुवार को श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया। इस दौरान बहनों ने विधि-विधान से यमराज की पूजा-अर्चना कर भाई के लिए लंबी आयु की कामना की। वहीं एक स्थान पर बड़ी संख्या में बहनों ने एकत्रित होकर पूजा-पाठ कर धार्मिक गीत प्रस्तुत किया। इससे पूरा वातावरण अध्यात्मिक हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था के साथ भाईदूज का पर्व मनाया गया।
वहीं भाइयों ने भी अपने बहन के घर पहुंचकर बहन का आशीर्वाद लिया। बता दें कि भाईदूज का त्योहार बहन और भाई के अटूट रिश्ते को समर्पित है। यह पर्व हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को मनाया जाता है। इस त्योहार को भैया दूज, यम द्वितीय और भाई टीका के नाम से भी जाना जाता है।






