शिवहर में बागमती नदी के डुब्बाघाट पर कार्तिक स्नान के दौरान मंगलवार की सुबह अपनी तस्वीर खिंचवाने के बाद डुबकी लगाते ही नदी की तेज धार में एक युवक बह गया। युवक ने पहले ली खुद की सेल्फी, दोस्तों की तस्वीर खींची और नदी में खड़े होकर अपनी तस्वीर खिंचवाने के बाद स्नान के लिए डुबकी लगाते ही तेज धार में में बह गया। इसके साथ ही घाट पर हड़कंप मच गया। उसके दोस्तों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद बदहवास स्वजन डुब्बाघाट पहुंचे।


युवक की तलाश में जुटी प्रशासनिक टीम
उधर, स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम नदी में बहे युवक की तलाश शुरू कर दी है। एक घंटे बाद भी लापता युवक का पता नहीं चल पाया है। एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी अंसारी के निर्देश पर एसडीआरएफ की नदी बागमती नदी में युवक की तलाश कर रही है। एसडीओ के अलावा पुरनहिया बीडीओ आशीष कुमार, पिपराही बीडीओ मो. वाशिक हुसैन, अंचलाधिकारी पुष्पलता, थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता समेत प्रशासनिक टीम कैंप कर रही है।

युवक की पहचान शिवहर नगर थाना क्षेत्र के ममरेजपुर वार्ड नौ निवासी हरि पांडे के 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। बताया गया हैं कि प्रिंस कुमार कार्तिक स्नान को लेकर अपने तीन दोस्तों के साथ डुब्बाघाट स्थित बागमती नदी में स्नान करने आया था। इस दौरान वह दोस्तों के साथ घूम-घूमकर मेले का आनंद लिया। साथ ही मोबाइल में तस्वीरें कैद की। नदी में जाकर उसने खुद की सेल्फी भी ली। दोस्तों से अपनी तस्वीर खिंचवाई। लेकिन डुबकी लगाते ही वह नदी की तेज धार में बह गया।



