किशनगंज. पाकिस्तानी महिला से बिहार ATS और सेंट्रल IB लगातार पूछताछ कर रही है, लेकिन यह महिला इतनी शातिर है कि अब तक जांच एजेंसियों को उलझा कर रखा है. इस बीच इस महिला के जरिए महत्वपूर्ण खुलासा होने की बात सामने आ रही है और बिहार ATS की पूछताछ में पाकिस्तानी महिला बड़ी जानकारी दी है.
खुलासे के अनुसार, इसका मददगार इदरीश नामक शख्स है जो ISI का हैंडलर है. पाकिस्तान से वही इसको भारत लाया था. उक्त महिला ये यू-ट्यूबर खुद को बताती है और आर्ट एंड कल्चर से जुड़ा हुआ बताती है. इस मामले में अब उससे ISI हैंडलर से संपर्क को लेकर छानबीन की जा रही है. इस मामले में रॉ और सेंट्रल IB के साथ बिहार ATS भी मामले की पड़ताल में लगी हुई है.
इसके अतिरिक्त जो बातें सामने आई हैं इसके अनुसार, इस महिला ने पंजाब के एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर रखा था. युवक जब इसकी चालबाजी को समझ गया तब उसने इससे अपना पीछा छुड़ा लिया. इस महिला ने जो खुलासा किया है इसके अनुसार, वर्ष 2019 में भी यह वीजा और पासपोर्ट लेकर भारत आई थी, लेकिन अधिक समय तक यहां रह गई थी जिस कारण इसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई थी.
इसके बाद वर्ष 2021 में भी बिना वीजा के यह भारत आई और कुछ महीने रहने के बाद वापस लौट गई. इस बार एक एजेंट के कहने पर यह नेपाल से बिहार में दाखिल हुई थी. खुलासे के अनुसार, दाखिल होने के बाद यह महिला दिल्ली गई, फिर पंजाब और इसके बाद पंजाब से वापस दिल्ली होते हुए बिहार आई. यहां से यह महिला नेपाल जाने की फिराक में थी, मगर इसी दौरान इसको सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया.
बता दें कि उक्त महिला उत्तराखंड में गिरफ्तार हुई थी और 4 साल की सजा हुई थी, लेकिन 11 महीने में ही छूट गई थी. दरअसल, यह राहत पाने के लिए कोर्ट में अपील में गई थी और कोर्ट ने फौरी तौर पर राहत दे दी थी.


