पटना : जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व सीएम नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले उपेंद्र कुशवाहा के अनुसार बिहार में लागू शराबबंदी का कानून सफल नहीं है।
जब तक जनता नहीं चाहेगी, सरकार के चाहने से शराबबंदी सफल नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने शराबबंदी का समर्थन करते हुए यह भी कहा कि इससे समाज को लाभ पहुंचा है।
शराबबंदी कानून को लेकर कुशवाहा के बयान पर कांग्रेस ने भी सहमति व्यक्त की है। कुशवाहा ने जेडीयू के गुजरात में चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई।
एक कार्यक्रम के सिलसिले में बिहार के वैशाली पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पीने वालों व बेंचने वालों के बीच की कड़ी तोड़ना जरूरी है।
शराब की बिक्री को रोकना जरूरी है। जब बिक्री बंद होगी तो लोग पीना भी छोड़ देंगे। शराबबंदी की सफलता के लिए जनता का साथ जरूरी है। केवल सरकार के रोके शराब पर रोक संभव नहीं है। कुशवाहा ने यह भी कहा कि शराबबंदी से समाज को लाभ मिला है। यह जितनी सफल होगी, उतना ही अधिक लाभ मिलेगा।



